राष्ट्रीय

शिक्षक भर्ती घोटाले के आरोपी शांतनु सिन्हा पर ED का एक्शन, मुर्शिदाबाद का आलीशान मकान होगा कुर्क

ED Action in Bengal: ED ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले के कांडी में कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर को ज़ब्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।
2 min read
ED Raid
ED की रेड (Photo X)

ED Seizes Shantanu Sinha Biswas House Murshidabad: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के मुर्शिदाबाद जिले के कांदी स्थित आवास को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ईडी के एक अंदरूनी सूत्र ने शनिवार को यह जानकारी दी। शांतनु सिन्हा बिस्वास को पहले ही ईडी ने आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े एक बड़े मामले में गिरफ्तार किया हुआ है। शुक्रवार को ईडी की टीम ने कांदी स्थित उनके पैतृक आवास के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां लंबे समय तक छापेमारी की।

दो किलो सोना, 10 लाख नकद कई महत्वपूर्ण प्रॉपर्टी दस्तावेज जब्त

ईडी अधिकारियों ने इस दौरान करीब दो किलोग्राम सोना बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 10 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण प्रॉपर्टी दस्तावेज भी जब्त किए गए।

आवास बना दिया महल

स्थानीय लोगों के अनुसार, शांतनु का कांदी स्थित मुख्य आवास कुछ साल पहले तक काफी जर्जर हालत में था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसे अचानक ही भव्य और महलनुमा बना दिया गया, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में काफी चर्चा है। शांतनु सिन्हा बिस्वास कांदी नगर पालिका के वार्ड नंबर 8 के रहने वाले हैं। उन्होंने पहले कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट थाने में अधिकारी प्रभारी (OC) के रूप में भी सेवा की थी। उनकी बहन गौरी सिन्हा बिस्वास तृणमूल कांग्रेस की ओर से कांदी नगर पालिका की उपाध्यक्ष हैं।

ताला तोड़कर घर में घुसी ईडी

ईडी सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को टीम दोपहर में कांदी पहुंची और करीब ढाई घंटे तक बाहर इंतजार करने के बाद ताले तोड़कर घर में दाखिल हुई। छापेमारी कई घंटों तक चली। टीम ने घर से संबंधित दस्तावेजों की जांच की और परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की। अब इस संपत्ति को कुर्क करने की औपचारिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

तीन ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन

इसी छापेमारी के दौरान कोलकाता के तीन अलग-अलग ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाए गए, जिनमें कासबा में एक सब-इंस्पेक्टर का घर, चक्रबेरिया में व्यवसायी अतुल कटारिया का घर और रॉयड स्ट्रीट शामिल हैं। ये सभी छापेमारी सोना पप्पू मामले से जुड़ी बताई जा रही हैं।

एक दिन पहले 9 जगहों पर पड़ा था छापा

कुल मिलाकर शुक्रवार को 9 जगहों पर छापेमारी की गई। बरामद मोबाइल फोनों से ज्यादातर चैट और डेटा डिलीट पाए गए हैं, जिन्हें रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। ईडी इस पूरे मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी रखे हुए है।

Updated on:
23 May 2026 07:50 pm
Published on:
23 May 2026 07:50 pm