
Uddhav Thackeray: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधायक रोहित पवार के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के साथ फोटो होना या उसके कार्यक्रम में शामिल होना उसका समर्थन करना नहीं है। केवल तस्वीरों के आधार पर किसी पर आरोप लगाना गलत है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर सूखे की मार झेल रहे किसानों की मदद करने की अपील भी की। रोहित पवार ने कुछ लोगों के साथ तस्वीरों को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर शिंदे ने कहा कि किसी के साथ फोटो खिंचवाने, शादी में जाने या किसी कार्यक्रम में शामिल होने का यह मतलब नहीं है कि आप उस व्यक्ति का समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले नेताओं की भी कई लोगों के साथ तस्वीरें होती हैं। ऐसे में केवल फोटो के आधार पर किसी को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। बिना ठोस सबूत के इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए। एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य के किसान इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। सूखे के कारण उनके सामने कई समस्याएं हैं। ऐसे समय में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय किसानों की मदद पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विपक्षी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि किसानों को कम से कम बिस्किट का एक पैकेट ही दे दें। संकट के समय सभी को किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए।
एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शिवसेना और भाजपा के बीच गठबंधन हुआ था। उस समय राज्य में गठबंधन की सरकार बननी थी, लेकिन उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद और सत्ता के लिए महाराष्ट्र की जनता से झूठ बोला और गठबंधन तोड़ दिया। शिंदे ने कहा कि जनता का भरोसा तोड़ने वाले उद्धव ठाकरे को अमित शाह पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने ठाकरे को 'नंबर एक का झूठा' तक कह दिया। शिंदे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधकर विपक्षी नेता मीडिया में चर्चा पाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को मोदी और शाह के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता। हर मुद्दे पर दोनों नेताओं को निशाना बनाना उनकी आदत बन गई है। केवल मीडिया में बने रहने के लिए आरोप लगाए जा रहे हैं। शिंदे ने कहा कि एक तरफ किसान सूखे की मार झेल रहे हैं और दूसरी तरफ नेता राजनीतिक बयानबाजी में लगे हैं। विपक्ष को इस समय राजनीति से ऊपर उठकर किसानों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र की जनता अच्छी तरह समझती है कि कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ।