Falta By Election: फाल्टा उप-चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार 80 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी की जीत लगभग इस सीट से तय है। वहीं टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान पहले ही इस चुनाव से पीछे हट चुके हैं।
Falta Election Result 2026: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान के बाद आज वोटों की गिनती जारी है। बंगाल के साथ-साथ पूरे देश की भी नजर इस सीट पर टिकी हुई हैं, क्योंकि मतदान से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और फायर ब्रांड नेता जहांगीर खान ने री-पोलिंग से दो दिन पहले चुनावी दौड़ से पीछे हटने की घोषणा कर दी थी। उनके इस फैसले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी थी। हालांकि पार्टी ने साफ कहा कि यह उनका निजी फैसला था और इसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। चुनाव काउंटिंग की बात करें तो बीजेपी के उम्मीदवार 80 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं।
21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान फाल्टा विधानसभा सीट पर कराया गया था। पूरे मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दिन करीब 86.11 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। हालांकि यह आंकड़ा 29 अप्रैल को हुए पहले मतदान से थोड़ा कम रहा।
पहले चरण के मतदान के बाद विवाद खड़ा हो गया था। ईवीएम मशीनों पर इत्र जैसी चीजें छिड़कने और कुछ जगहों पर टेप लगाए जाने के आरोप सामने आए थे। मामला बढ़ने के बाद चुनाव आयोग ने जांच कराते हुए फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया। री-पोलिंग को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा का बड़ा इंतजाम किया था। करीब 285 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की 35 कंपनियां तैनात की गई थीं। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
फाल्टा सीट का परिणाम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसका असर राज्य की राजनीतिक तस्वीर पर पड़ सकता है। अगर बीजेपी यहां जीत दर्ज करती है, तो विधानसभा में उसकी सीटों की संख्या 207 तक पहुंच जाएगी। पिछली बार पार्टी ने 207 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी। अब फाल्टा उप-चुनाव भी भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है।