
Paramjeet Dhankhar Murder: फरीदाबाद के सेक्टर-21C में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक सिरफिरे पड़ोसी ने पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ (42) की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस पूरी घटना का एक खौफनाक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा गया है कि परमजीत के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने फायरिंग नहीं रोकी। इस दौरान एक महिला उसे रोकने की कोशिश करती रही, लेकिन वह लगातार गोलियां चलाता रहा। वारदात के बाद आरोपी ने पूरे परिवार को मारने की धमकी भी दी।
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा और 42 वर्षीय परमजीत धनखड़ के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। करीब चार मिनट तक चली इस बहस के बाद अचानक मोहन ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली और परमजीत पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए परमजीत ने भागने की कोशिश की और खुद को बचाने के लिए गेट बंद करना चाहा, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।
जब परमजीत गोलियां लगने के बाद जमीन पर गिर पड़े, तब भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपनी पिस्तौल में दूसरी मैगजीन लोड की और उन पर फिर से गोलियां चलाई। फुटेज में आरोपी चीखते हुए यह भी कहता सुनाई दे रहा है- 'हैप्पी दिवाली! आज मैं पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा।' बीच-बचाव करने आई परमजीत की एक महिला रिश्तेदार को भी आरोपी ने गालियां देकर पीछे हटा दिया और खुलेआम सड़क पर भी हवाई फायरिंग करता रहा। आरोपी ने कुल 15 राउंड गोलियां चलाई, जिनमें से 3 से 4 गोलियां परमजीत को लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परमजीत धनखड़ टेक महिंद्रा में एशिया-पैसिफिक रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे और फिलहाल FPT Software कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर सिंगापुर में काम कर रहे थे। वह सिर्फ दो दिन पहले ही अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद अपने घर आए थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी मोहन, जो कबाड़ का कारोबार करता है, उसका और परमजीत के परिवार के बीच लंबे समय से गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा दोनों पक्षों में पालतू कुत्ते को लेकर भी पहले झगड़ा हो चुका था। पुलिस अब मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन को बल्लभगढ़ के DLF चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। परमजीत के बेटे की शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।