राष्ट्रीय

Kolkata: मां ने दूसरी शादी की तो क्या पिता की जिम्मेदारी खत्म हो गई? हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, बेटी को हर महीने देने होंगे रुपए

Calcutta High Court: मां के दूसरी शादी कर लेने से पिता अपनी नाबालिग बेटी के भरण-पोषण की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पिता को हर महीने 3500 रुपए देने का आदेश बरकरार रखा है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:57 PM IST
Calcutta High Court
कलकत्ता हाईकोर्ट। फोटो-IANS

Child Maintenance: मां के दोबारा विवाह कर लेने भर से पिता अपनी नाबालिग संतान के प्रति जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता। तलाक के बाद भी बेटी के भरण-पोषण की जिम्मेदारी पिता की बनी रहती है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया कि घरेलू हिंसा के मामले में पीड़ित महिला के साथ उसके बच्चों के भरण-पोषण का भी प्रावधान है। इसके लिए बच्चे का स्वयं घरेलू हिंसा का प्रत्यक्ष पीड़ित होना साबित करना जरूरी नहीं है। न्यायमूर्ति अजय कुमार गुप्ता ने बारासात की निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखते हुए पिता को अपनी नाबालिग बेटी के भरण-पोषण के लिए हर महीने 3500 रुपए देने का निर्देश दिया।

पिता की याचिका खारिज

अदालत ने पिता की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उसने आर्थिक स्थिति और कानूनी प्रावधानों का हवाला देकर भरण-पोषण की रकम देने से छूट मांगी थी। अदालत से मिली जानकारी के मुताबिक दांपत्य विवाद और घरेलू हिंसा के कारण पत्नी अपनी छोटी बेटी को लेकर पति का घर छोड़कर चली गई। दंपती की बड़ी बेटी पिता के पास ही रह गई। बाद में दोनों का तलाक हो गया और महिला ने दूसरी शादी कर ली। इस बीच छोटी बेटी के भरण-पोषण के लिए महिला ने अपने पहले पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

हर महीने 3500 रुपए गुजारा भत्ता देने का आदेश

मामले की सुनवाई करते हुए बारासात अदालत ने पिता को नाबालिग बेटी के लिए हर महीने 3500 रुपए गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया। इस आदेश को चुनौती देते हुए पिता ने हाईकोर्ट का रुख किया। उसकी दलील थी कि वह पेशे से किसान है और उसकी मासिक आय महज 3000 रुपए है। ऐसे में उसके लिए हर महीने 3500 रुपए देना संभव नहीं है। पिता ने यह तर्क भी दिया कि बेटी स्वयं घरेलू हिंसा की शिकार नहीं हुई है, इसलिए उसके लिए इस कानून के तहत भरण-पोषण की मांग नहीं की जा सकती।

बेटी को अलग से पीड़ित साबित करना जरूरी नहीं

हाईकोर्ट ने पिता की दोनों दलीलों को स्वीकार नहीं किया। न्यायमूर्ति अजय कुमार गुप्ता ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के तहत पीड़ित महिला के साथ उसके बच्चों के भरण-पोषण का भी प्रावधान है। ऐसे मामलों में बच्चे को अलग से घरेलू हिंसा का पीड़ित साबित करने की आवश्यकता नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि तलाक हो जाने या मां के दूसरी शादी कर लेने से बच्चे के प्रति पिता की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। माता-पिता के वैवाहिक रिश्ते में बदलाव का असर संतान के भरण-पोषण के अधिकार पर नहीं पड़ सकता। हाई कोर्ट ने पिता की याचिका खारिज कर दी और बारासात अदालत के आदेश को बरकरार रखा।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:57 PM IST
Published on: