राष्ट्रीय

तुकाराम मुंढे की FDI ने महाबलेश्वर में मचाया हड़कंप, 3 नामी होटलों के लाइसेंस निलंबित, पर्यटकों की बढ़ी परेशानी

Tukaram Mundhe: तुकाराम मुंढे की एफडीए ने महाबलेश्वर के होटलों में छापेमारी कर तीन नामी होटलों के खाद्य बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिए। पांच अन्य होटलों को भी सफाई संबंधी खामियों पर नोटिस जारी किए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 5:16 PM IST
Maharashtra FDA Action
तुकाराम मुंढे। फाइल फोटो- पत्रिका

Maharashtra FDA Action: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महाबलेश्वर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की कार्रवाई से होटल कारोबारियों और पर्यटकों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन ने सफाई में गंभीर खामियां मिलने पर तीन नामी होटलों के खाद्य बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वहीं पांच अन्य होटलों को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पहले से बुकिंग करा चुके पर्यटक भी मुश्किल में पड़ गए हैं।

होटलों में अचानक जांच की

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशों के बाद राज्यभर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जांच तेज की गई है। इसी कड़ी में सह आयुक्त संजय शिंदे के नेतृत्व में एफडीए की टीम ने दिवाली के दौरान महाबलेश्वर के होटलों में अचानक जांच की। टीम ने अलग-अलग होटलों की रसोई और रेस्तरां का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन होटलों में सफाई से जुड़ी गंभीर खामियां मिलीं, जबकि पांच अन्य होटलों में भी स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। जिन तीन होटलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें महाबलेश्वर स्थित होटल इवरशाइन, क्षेत्र महाबलेश्वर स्थित होटल रामसुख और नाकिंदा स्थित होटल ब्राइटलैंड शामिल हैं। इन तीनों होटलों के खाद्य बिक्री लाइसेंस कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं। इसके चलते संबंधित होटलों के रेस्तरां में खाद्य पदार्थों की बिक्री बंद करनी पड़ी है।

बुकिंग करा चुके पर्यटक परेशान

दिवाली की छुट्टियों में महाबलेश्वर के होटलों में कई महीने पहले ही बुकिंग हो जाती है। इस बार भी पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले अधिकांश होटलों की बुकिंग पूरी हो चुकी थी। ऐसे में अचानक तीन होटलों के लाइसेंस निलंबित होने से वहां खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर पर्यटकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। कुछ पर्यटकों को अपना पर्यटन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा, जबकि कई लोग ऐन मौके पर दूसरे होटल तलाशने में जुटे हैं।

कार्रवाई के समय पर उठे सवाल

दिवाली जैसे व्यस्त पर्यटन सीजन में हुई इस कार्रवाई से होटल कारोबारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि एफडीए नियमित जांच कर पहले ही कमियां बता सकता था, ताकि उन्हें सुधारने का समय मिल जाता। कारोबारियों का यह भी कहना है कि पर्यटन सीजन के बीच लाइसेंस निलंबित होने से होटल व्यवसाय के साथ पर्यटकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पहले से बुकिंग कराने वाले लोगों को हुई परेशानी से बचाया जा सकता था।

Updated on:
15 Nov 2026, 5:16 PM IST
Published on: