राष्ट्रीय

राजद सुप्रीमो लालू यादव के कमरे में लगी आग, मची अफरातफरी, राबड़ी ने फोन कर जाना हाल

आचार संहिता उल्लंघन के एक पुराने केस में कल यानी कि 8 जून को झारखंड के पलामू में स्थित एक स्पेशल कोर्ट में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पेशी होनी है। इस पेशी में शामिल होने के लिए पलामू पहुंचे लालू प्रसाद यादव सर्किट हाउस के जिस कमरे में ठहरे थे, उसमें आग लग गई।
2 min read
• •
Updated: 7 Jun 2022, 3:53 PM IST
lalu_yadav.jpg
Fire broke out in RJD Supremo Lalu Prasad Yadav Room in Palamu

बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव इन दिनों झारखंड के दौरे पर हैं। कल यानी की 8 जून को उन्हें झारखंड के पलामू में स्थित विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में आचार संहिता के एक पुराने केस में पेश होना है। इस पेशी के लिए पलामू पहुंचे लालू प्रसाद यादव एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। दरअसल राजद सुप्रीमो जहां ठहरे थे, वहां आग लग गई, हालांकि समय रहते हुए आग पर काबू पा लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार लालू प्रसाद यादव पलामू स्थित सर्किट हाउस में ठहरे थे। वो जिस कमरे में ठहरे थे, उसी कमरे के पंखे में आग लग गई। हालांकि सर्किट हाउस के कर्मचारियों ने जल्द ही बिजली काट दी, जिससे बड़ी घटना नहीं हुई। लालू प्रसाद को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पलामू के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की सुबह पलामू के सर्किट हाउस में लालू प्रसाद के कमरे में दीवार पर टंगे पंखे में आग लगी। उस समय राजद अध्यक्ष डाइनिंग हॉल में नाश्ता कर अखबार पढ़ रहे थे।

अधिकारी ने आग लगने के पीछे की वजह को शॉर्ट सर्किट बताया। उन्होंने कहा कि आग लगने की सूचना पर आनन-फानन में तुरंत सर्किट हाउस के कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया। बिजली का कनेक्शन काटकर वहां से पंखे को बाहर कर दिया गया। लालू प्रसाद यादव को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि जैसे ही यह जानकारी सामने आई राजद के लाखों कार्यकर्ताओं और लालू के प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ पड़ी। लोग घटना और लालू प्रसाद की सलामती की जानकारी एक-दूसरे से फोन कर लेते दिखे।

इस बीच बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने भी लालू यादव को फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लालू ने बताया कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। कमरे की दीवार पर टंगे एक पंखे में आग लगी थी। लेकिन अब कोई घबराने वाली बात नहीं है। बताते चले कि आचार संहित से संबंधित केश में पेशी के लिए लालू प्रसाद सोमवार को हेलीकॉप्टर से पलामू जिला मुख्यालय के चियांकी हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। जहां हजारों उनके स्वागत में सर्मथकों की भारी भीड़ जुटी थी।

Published on: