
Supreme Court Collegium: भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में योग्यता, विविधता और समावेशिता को दरकिनार कर एक विशेष समुदाय को तरजीह दी गई है।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को लिखे तीन पेज के इस कड़े शब्दों वाले पत्र में, पूर्व मुख्य न्यायाधीश गवई ने आरोप लगाया है कि,भारत की कुल आबादी में 5% से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में 40% से अधिक प्रतिनिधित्व है। जिन जजों का पहले दंडात्मक कारणों से तबादला किया गया था, उन्हें अब प्रमुख हाई कोर्ट्स में मुख्य न्यायाधीश बनाकर पुरस्कृत किया जा रहा है।
एक योग्य और मेहनती मुख्य न्यायाधीश का तबादला एक छोटे हाई कोर्ट में कर दिया गया है, ताकि किसी दूसरे जज को वहां जगह दी जा सके।हालिया सिफारिशों में हाशिए पर मौजूद समुदायों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और यहां तक कि अन्य अगड़े समुदायों के लोगों को भी नजरअंदाज किया गया है। गवई का कहना है कि कॉलेजियम की सिफारिशों को प्राथमिकता मिलने का मतलब यह नहीं है कि कॉलेजियम जवाबदेही से मुक्त हो जाए, या राष्ट्रपति अपने संवैधानिक कर्तव्यों से बरी हो जाएं।
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे तीन पन्नों के पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी हैं। उन्होनें पत्र में लिखा है कि, मुझे अपनी असहमति और निराशा जाहिर करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
जस्टिस गवई ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे पत्र में कहा है कि, हाल के घटनाक्रमों से ऐसा प्रतीत होता है कि कॉलेजियम व्यवस्था में योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है और एक विशेष समुदाय को नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जा रही है। जस्टिस गवई ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान कॉलेजियम में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, OBC, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाता था। उन्होंने संसद में दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2018 से नियुक्त 715 हाईकोर्ट जजों में केवल 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे।