
Shaktikanta Das : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हाल में हुई बैठक के बाद कैबिनेट में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह बदलाव मानसून सत्र शुरू होने से पहले हो सकता है। कई मंत्रियों के पोर्टफोलियो बदले जा सकते हैं, जबकि कइयों के हाथों से विभागों की कमान वापस ली जा सकती है।
सियासी गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री के वर्तमान प्रधान सचिव व भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को मोदी सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। वह वित्त मंत्री बनाए जा सकते हैं। चर्चा यह भी है कि निर्मला सीतारमण को शिक्षा मंत्रालय का जिम्मा सौंपा जा सकता है। निर्मला सीतारमण साल 2019 से लगातार वित्त मंत्री हैं। हालांकि, इन खबरों पर अब तक सरकार और भाजपा की तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
पूर्व RBI गवर्नर शक्तिकांत दास भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक बेहद अनुभवी अधिकारी रहे हैं। RBI गवर्नर के रूप में उनका कार्यकाल भी शानदार रहा है। उन्होंने 6 सालों तक RBI का नेतृत्व किया। इस दौरान कोविड और वैश्विक संकट के समय में उन्होंने देश की वित्तीय स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। RBI के गवर्नर रहते हुए वह देश के 8 केंद्रीय बजटों को तैयार करने की प्रक्रिया से सीधे तौर पर जुड़े रहे।
वहीं, साल 2016 में लागू किए गए नोटबंदी के नियोजन और कार्यान्वयन चरण के दौरान वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। वह 15वें वित्त आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं। वह G-20 में भारत के शेरपा भी रह चुके हैं। शक्तिकांत दास ने विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक, न्यू डेवलपमेंट बैंक और एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
यदि शक्तिकांत दास भारत के वित्त मंत्री बनते हैं तो वह मनमोहन सिंह के बाद दूसरे ऐसे पूर्व RBI गर्वनर होंगे। वहीं, अब तक तीन पूर्व RBI गवर्नर भारत के वित्त मंत्री बनाए जा चुके हैं। सर सी.डी. देशमुख साल 1943 से 1949 तक RBI के गर्वनर रहे थे। इसके बाद वह पंडित नेहरू की सरकार में साल 1950 से 1956 तक वित्तमंत्री रहे। वहीं, डॉक्टर मनमोहन सिंह 16 सितंबर 1982 से 14 जनवरी 1985 तक RBI के गर्वनर रहे। इसके बाद नरसिम्हा राव की सरकार में केंद्रीय वित्त मंत्री (1991-1996) बने, बाद में वह देश के प्रधानमंत्री (2004-2014) भी रहे।