राष्ट्रीय

अब कांपेगा दुश्मन देश…फ्रांस और भारत मिलकर बनाएंगे ऊंचे उड़ने वाले हेलीकॉप्टर व हैमर मिसाइल

मोदी-मैक्रों मुलाकात: राफेल-पनडुब्बी पर बात, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर का भरोसा…भारत दौरे पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच यहां बातचीत में इन प्रमुख फैसलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग पर सहमति बनी।
2 min read
Feb 18, 2026
France-India
भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग में बड़ा कदम: देश में तैयार होंगे उन्नत हेलीकॉप्टर और हैमर मिसाइल ( इमेज सोर्स: ANI)

India-France Defence Manufacturing: युद्ध के हालात में दुश्मन के बंकर और भूमिगत ठिकाने ध्वस्त करने में सक्षम फ्रांस की हैमर मिसाइलें अब भारत में ही बनेंगी। साथ ही एवरेस्ट से भी ऊंचा उडऩे वाला पहला हेलिकॉप्टर भारत में बनाने की शुरूआत की गई है। भारत दौरे पर आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच यहां बातचीत में इन प्रमुख फैसलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग पर सहमति बनी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में अपना जलवा दिखाने वाली हैमर मिसाइलें भारत में बनाने के लिए भारत इलेक्ट्रोनिक्स (बीइएल) और फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान की संयुक्त कंपनी बनाने का समझौता किया गया। दोनों नेताओं की रफाल, पनडुब्बी सौदे और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर पर भी चर्चा हुई।

मोदी व मैक्रों की बातचीत के बाद संयुक्त घोषणा

महाराष्ट्र लोकभवन में आयोजित मोदी व मैक्रों की बातचीत के बाद संयुक्त घोषणा में दोनों देशों ने अपनी साझेदारी का स्तर बढ़ाने की घोषणा की। दोनों नेताओं ने कर्नाटक के वेगावल में भारत-फ्रांस की कंपनियों की ओर से पहली निजी क्षेत्र की हेलिकॉप्टर असेंबली लाइन फेसिलिटी का वर्चुअल उद्घाटन किया। भारत-फ्रांस नवाचार फोरम का उद्घाटन : पीएम मोदी के साथ भारत-फ्रांस नवाचार फोरम के उद्घाटन समारोह में मैक्रों ने कहा कि डिफेंस सेक्टर में फ्रांस 'मेक इन इंडिया' का भरोसेमंद साथी है। दोनों देश मिलकर नए जमाने के इंजन, मल्टी-रोल हेलिकॉप्टर, आधुनिक लड़ाकू विमान और पनडुब्बियां बनाने पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा सिविल-न्यूक्लियर सेक्टर पर भी बात चल रही है। हमने ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता खत्म करने पर भी चर्चा की है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने 2026 को भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। यह सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि हमारी साझा प्रतिबद्धता है कि लोगों और विश्व की भलाई के लिए कैसे काम किया जाए।

जी-7 में आमंत्रण

जी-7 में आमंत्रण: मैक्रों ने फ्रांस की इस साल जी-7 की अध्यक्षता के अवसर पर पीएम मोदी को जी-7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के खिलाफ भी अपनी लड़ाई जारी रखना चाहते हैं और हम सभी आतंकवादी समूहों को खारिज करते हैं।

हेलिकॉप्टर निर्यात भी होंगे, 1000 करोड़ रुपए का निवेश: कर्नाटक के वेगामल में भारतीय कंपनी टाटा और फ्रांस की कंपनी एयरबस मिलकर एच125 लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर बनाएंगे। मोदी और मैक्रों ने फेसिलिटी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उनके फ्रांसीसी समकक्षी कैथरीन वाउटरिन और वायु सेना प्रमुख एपी सिंह मौजूद थे। इस फेसिलिटी पर करीब 1000 करोड़ रुपए का निवेश होगा। यहां से निकले हेलिकॉप्टरों का नागरिक उड़ानों, आपदा व सैन्य उपयोग होगा। पीएम मोदी ने कहा कि यह हेलिकॉप्टर एवरेस्ट से भी ऊंचे उड़ सकेंगे और विदेशों में निर्यात भी होंगे। सैन्य हेलिकॉप्टर एच125एम की पहली खेप 2027 में मिलेगी।

आज दिल्ली में, एआइ समिट में होंगे शामिल: मैक्रों बुधवार को दिल्ली में विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों से चर्चा करेंगे। तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए मैक्रों गुरुवार को एआइ इंपैक्ट समिट में शामिल होंगे।

Updated on:
18 Feb 2026 03:09 am
Published on:
18 Feb 2026 03:09 am
Also Read
View All