राष्ट्रीय

‘मांग उठाने वालों को मिलती हैं गालियां और गिरफ्तारियां’, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Gaurav Gogoi Latest Statement: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि किसानों, छात्रों, बेरोजगार युवाओं और मजदूरों की आवाज उठाने पर उन्हें निशाना बनाया जाता है। साथ ही उन्होंने सोनिया गांधी की किताब को लेकर हुए विवाद और राहुल गांधी पर बीजेपी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 6:50 PM IST
Gaurav Gogoi Latest Statement
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Gaurav Gogoi on Modi Government: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा, जेन-जी और समाज का हर वर्ग राजनीति से ईमानदारी और सच्चाई की उम्मीद करता है। लेकिन जब भी समाज का कोई वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरता है, तो उसे सम्मान देने के बजाय निशाना बनाया जाता है।

गौरव गोगोई ने क्या कहा? 

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि जब किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें 'खालिस्तानी' कहा जाता है। वहीं, शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाने वाले छात्रों को 'पाकिस्तानी' करार दिया जाता है। 

उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगार युवा रोजगार की मांग करते हैं और मजदूर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तो उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि केवल बातें करना आसान है, लेकिन जब समाज के अलग-अलग वर्ग अपने अधिकारों और मांगों के लिए विरोध जताते हैं, तो उन्हें जवाब में गालियां और गिरफ्तारियां मिलती हैं।

शिवसेना नेताओं द्वारा सोनिया की किताब के पन्ने फाड़ने पर दी प्रतिक्रिया

इस दौरान कांग्रेस सांसद गोगोई ने सावरकर पर की गई टिप्पणियों को लेकर शिव सेना नेताओं द्वारा सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़ने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम शिक्षा और ज्ञान की पूजा करते हैं। मुझे लगता है कि सोनिया गांधी की किताब कई लोगों को प्रेरित करेगी - कि कैसे कोई व्यक्ति इतने बड़े सदमे के बाद भी इतना सक्रिय रह सकता है, कैसे वह उसके बाद भी देश की सेवा कर सकती है, कैसे वह परिवार को एकजुट रख सकती है और यह सब मुस्कुराते हुए कर सकती है। इसलिए, मुझे लगता है कि कई लोगों को इस किताब में केवल प्रेरणा और देशभक्ति ही मिली है, इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।

वहीं कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए गए बयानों को लेकर बीजेपी द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता की आलोचना किए जाने पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र में लोगों की आवाज से डरती है। वे लोगों के सवाल पूछने के अधिकार को कुचलना चाहते हैं।

Updated on:
19 Nov 2026, 6:50 PM IST
Published on: