राष्ट्रीय

Banni Buffalo: कच्छ के पशु मेले में 15.11 लाख रुपए में बिकी बन्नी नस्ल की भैंस ‘मिसरी’, तोड़ा अब तक रिकॉर्ड

Misri Buffalo Price: गुजरात के कच्छ जिले में होडका पशु मेले में बन्नी नस्ल की भैंस ‘मिसरी’ 15 लाख 11 हजार रुपए में बिकी। इसके साथ ही इसने इस नस्ल की भैंस की सबसे महंगी बिक्री का रिकॉर्ड बना दिया।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 5:15 PM IST
Banni Buffalo
‘मिसरी’ भैंस। फोटो- पत्रिका

Most Expensive Buffalo: गुजरात के कच्छ जिले में आयोजित होडका पशु मेले में बन्नी नस्ल की छह साल की भैंस ‘मिसरी’ 15 लाख 11 हजार रुपए में बिकी। इसके साथ ही इसने बन्नी नस्ल की भैंस की सबसे महंगी बिक्री का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले जून 2025 में कच्छ के सानध्रो गांव में ‘लाडली’ नाम की भैंस 14.1 लाख रुपए में बिकी थी। इस बार अहमदाबाद जिले के पशुपालक लालभाई देसाई ने सबसे ऊंची बोली लगाकर ‘मिसरी’ को खरीदा।

‘मिसरी’ आकर्षण का केंद्र रही

गुजरात पर्यटन और बन्नी पशु उच्छेरक मालधारी संगठन की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को होडका गांव में पशु मेले का आयोजन किया गया था। मेले में कच्छ जिले की भुज तहसील के लुना नाना गांव के पशुपालक धुला जत की भैंस ‘मिसरी’ आकर्षण का केंद्र रही। बोली के दौरान इसकी कीमत लगातार बढ़ती गई और आखिर में 15 लाख 11 हजार रुपए पर पहुंच गई। अहमदाबाद जिले की दसक्राई तहसील के कुजाड गांव के पशुपालक लालभाई देसाई ने इसे खरीद लिया।

रोजाना 20 लीटर दूध देने की क्षमता

बन्नी नस्ल की भैंसें दूध उत्पादन के साथ अपनी सहनशक्ति के लिए भी जानी जाती हैं। कच्छ के गर्म और शुष्क मौसम में भी ये आसानी से रह सकती हैं। यही वजह है कि पशुपालकों के बीच इनकी अच्छी मांग रहती है। ‘मिसरी’ रोजाना करीब 20 लीटर दूध देने की क्षमता रखती है। इसके दूध में फैट की मात्रा भी अच्छी होती है, जिससे इसकी कीमत और मांग बढ़ जाती है।

पशुपालकों के लिए खास है होडका मेला

होडका पशु मेला बन्नी नस्ल के पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए खास पहचान रखता है। इसमें गुजरात के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से भी पशुपालक और व्यापारी पहुंचते हैं। मेले में पशुओं की नस्ल, दूध देने की क्षमता और उनकी विशेषताओं के आधार पर बोली लगाई जाती है। यह आयोजन कच्छ की पशुपालन परंपरा और ग्रामीण संस्कृति को भी सामने लाता है।

‘लाडली’ का रिकॉर्ड टूटा

जून 2025 में कच्छ के सानध्रो गांव में बन्नी नस्ल की ‘लाडली’ नाम की भैंस 14.1 लाख रुपए में बिकी थी। वह रोजाना 27 लीटर दूध देती थी। अब ‘मिसरी’ की 15.11 लाख रुपए में हुई बिक्री ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Updated on:
5 Nov 2026, 5:15 PM IST
Published on: