राष्ट्रीय

रूस-यूक्रेन से लेकर ईरान-अमेरिका युद्ध तक, भारत में तेल की कीमतों पर क्या बोले हरदीप पुरी?

Hardeep Singh Puri: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध, होर्मुज जलडमरूमध्य संकट और लाल सागर में हमलों के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति निर्बाध बनी रही। वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में 50-60% बढ़ोतरी के बावजूद भारत में आम जनता को महंगाई से राहत दी गई।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 8:48 PM IST
India Petrol Diesel Supply Amid Global Crisis
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Photo-IANS)

Hardeep Singh Puri on India's Fuel Supply: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को पेट्रोलियम डीलरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समुद्री मार्गों पर हमलों के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी गई। देश के करीब 1.07 लाख पेट्रोल पंपों में कहीं भी ईंधन की किल्लत यानी ड्राई-आउट की स्थिति नहीं आई।

मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि फरवरी 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से भारत को लगातार ऊर्जा क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से संकट और गहरा गया। इस दौरान ईरान और अमेरिका की ओर से अलग-अलग नाकेबंदी जैसी स्थितियां बनीं। इसके बावजूद भारतीय तेल कंपनियों ने ईंधन की खेप देश तक पहुंचाने में सफलता हासिल की।

लाल सागर में हमलों ने बढ़ाई चुनौती

इस दौरान केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी समस्या पूरी तरह हल भी नहीं हुई थी कि लाल सागर में हमले शुरू हो गए। इससे वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति को लेकर मुश्किलें और बढ़ गईं। उन्होंने कहा कि यह बेहद चुनौतीपूर्ण समय रहा है, लेकिन भारतीय तेल कंपनियों और पेट्रोलियम डीलरों ने मिलकर देश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखी।

दुनिया में 50-60 फीसदी बढ़े तेल के दाम, भारत में नहीं हुई बढ़ोतरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 50 से 60 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन भारत में आम लोगों पर इसका बोझ नहीं पड़ने दिया गया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से केंद्रीय उत्पाद शुल्क (सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी) में की गई कटौती को अहम बताया।

पुरी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को तीन बार एक्साइज ड्यूटी में कटौती की। आखिरी बार पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की राहत दी गई। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल की अवधि को देखें तो वैश्विक स्तर पर कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने पेट्रोलियम डीलरों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े वैश्विक संकट के बावजूद देश में कहीं भी पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म नहीं हुआ। यह भारतीय तेल कंपनियों और डीलरों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है।

Updated on:
19 Nov 2026, 8:48 PM IST
Published on: