बारिश का कहर : केदारनाथ में सीजन की पहली बर्फबारी से मौसम बदला देश के दिल्ली, पंजाब, राजस्थान व हरियाणा समेत कई राज्यों में मंगलवार को भी कहीं अति भारी तो कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं केदारनाथ में इस सीजन की पहली बर्फबारी होने से मौसम का अलग रंग नजर आया। मानसून […]
बारिश का कहर : केदारनाथ में सीजन की पहली बर्फबारी से मौसम बदला
देश के दिल्ली, पंजाब, राजस्थान व हरियाणा समेत कई राज्यों में मंगलवार को भी कहीं अति भारी तो कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं केदारनाथ में इस सीजन की पहली बर्फबारी होने से मौसम का अलग रंग नजर आया।
मानसून की अधिक सक्रियता के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश व बाढ़ के हालात बने हुए हैं। पोंग व भाखड़ा नांगल बांध से पानी निकासी से पंजाब के 12 जिलों में ढाई लाख लोग बाढ़ का कहर झेल रहे हैं। पंजाब में बाढ़ जनित हादसों मेें 29 लोगों की जान जा चुकी है।
इधर यमुना नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बढऩे से हरियाणा और देश की राजधानी दिल्ली का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से अत्यधिक पानी छोड़ने के कारण यमुना में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली-एनसीआर व नोएडा में बाढ़ का अलर्ट किया गया हैं। बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आगरा में ताजमहल की सुरक्षा को लेकर भी चिन्ता हैं। आपदा-दल अलर्ट मोड पर हैं।
उड़ानें प्रभावित, जाम में फंसे लोग-
एनसीआर स्थित गुरुग्राम में बीते 24 घंटे में 100 एमएम से ज्यादा बारिश हुई। अंडरपासों से आवाजाही ठप रही। मुख्य मार्गों पर 20 किलोमीटर तक लम्बे जाम में लोग कई घंटों तक फंस गए। सैंकड़ों उड़ानें प्रभावित होने से यात्री परेशान हुए।
आइएमडी के अनुसार मंगलवार को उत्तर भारत के राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के अलावा पूर्वी राजस्थान, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, विदर्भ में 200 एमएम तक अति भारी बारिश, पश्चिम राजस्थान, मध्यप्रदेश, अंडमान-निकोबार, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, सिक्किम, मणिपुर, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, मणिपुर में 100 एमएम तक भारी बारिश दर्ज की गई।
आगामी चेतावनी : पूरा सप्ताह बरसेंगे बादल
आइएमडी के मुताबिक 3 सितम्बर से 8 सितम्बर तक हिमाचल, पंजाब, पश्चिम उत्तरप्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ व पूर्वी राजस्थान व उत्तराखंड में अति भारी बारिश की संभावना है। 4 से 6 सितम्बर तक गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, मराठवाड़ा में अति भारी बारिश, 5 सितम्बर तक मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड व ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर अति भारी बारिश, 3 व 4 सितम्बर तक केरल, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक व आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना जताई गई हैं।