राष्ट्रीय

हिमाचल में पंचायत चुनाव का आगाज: आचार संहिता लागू, 31000 पदों के लिए 50 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट

हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग (Himachal Pradesh State Election Commission) ने पंचायत चुनाव 2026 (Panchayat Chunav 2026) की घोषणा कर दी है। इस बार के चुनाव में 31000 पदों के लिए 50 लाख से अधिक मतदाता वोट डालेंगें।

2 min read
Apr 28, 2026
हिमाचल में पंचायत चुनाव की घोषणा (सांकेतिक इमेज)

Himachal Panchayat Chunav 2026: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 का आगाज हो गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को चुनाव की घोषणा की है। चुनाव आयोग के मुताबिक, पूरे राज्य में पंचायती राज का चुनाव 3 चरणों में होगा। पहले चरण का चुनाव 26 मई, दूसरे चरण का चुनाव 28 मई और 30 मई को तीसरे चरण का चुनाव होगा।

ये भी पढ़ें

ममता बनर्जी को अपने ही गढ़ में मिल रही कड़ी चुनौती, बंगाल की सबसे हॉट सीट पर रोचक हुआ मुकाबला, क्या कहते हैं मतदाता?

12 जिलों में 31,182 पदों के लिए होगा चुनाव

हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयुक्त अनिल कुमार खाची (Himachal Election Commissioner Anil Kumar Khachi) ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुनावी कार्यक्रमों की जानकारी दी है। अनिल कुमार खाची (Anil Kumar Khachi) ने कहा कि ये चुनाव राज्य के सभी 12 जिलों में प्रधान, उप-प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों के सदस्यों सहित कुल 31,182 पदों के लिए होंगे। राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि यह चुनावी कार्यक्रम कुल्लू जिले की 4 ग्राम पंचायतों पर लागू नहीं होगा, क्योंकि उनका कार्यकाल 9 फरवरी 2027 तक वैध है। हालांकि वहां पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव अभी भी आयोजित किए जाएंगे।

15 मई को मिलेगा चुनाव चिन्ह

अनिल कुमार खाची ने बताया कि चुनाव की औपचारिक अधिसूचना 29 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 7, 8 और 9 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच होगी। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों को 14 और 15 मई को अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति दी जाएगी।
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद 15 मई को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयुक्त अनिल कुमार खाची ने बताया कि मतदान 3 चरणों में होगा।

सुबह 7 बजे से होगा मतदान

अनिल कुमार खाची ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। ग्राम पंचायत स्तर के पदों के लिए मतगणना, मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों में की जाएगी। वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सीटों के लिए मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे से ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।

50.79 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट

राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पंचायती राज मतदाता सूची में 50.79 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। इसमे लगभग 25.62 लाख पुरुष मतदाता, 25.11 लाख महिला मतदाता और अन्य श्रेणी के 29 मतदाता शामिल हैं। अनिल कुमार खाची ने बताया कि 18 वर्ष की आयु वर्ग के 52,000 से अधिक मतदाता पहली बार अपना वोट डालेंगे। सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरे राज्य में 21,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें

ईरान के तेल भंडार फुल, फट सकती हैं पाइप लाइनें, होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिकी नाकेबंदी से मंडराया खतरा
Also Read
View All