Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। हालांकि दिन चढ़ते मतदान की रफ्तार भी तेज हुई।
Himachal Pradesh Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। राज्य के 68 सीटों पर हो रहे मतदान के लिए वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू हो गई है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार मतदान शाम पांच बजे तक होगा। ठंड और बर्फबारी के बाद भी वोटरों में मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। पहले घंटे में ठंड के कारण वोटिंग प्रतिशत मात्र 4.36 रहा, लेकिन अब जैसे-जैसे धूप खिल रही है वोटिंग प्रतिशत भी बढ़ रहा है। दोपहर एक बजे के बाद वोटिंग प्रतिशत 37.19 प्रतिशत रहा।
राज्य की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान हो रहा है। इन 68 सीटों के लिए 412 प्रत्याशी मैदान में हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में है। आम आदमी पार्टी भी अपनी ताकत आजमा रही है। राज्य में हर पांच साल बाद सत्ता बदलने का रिवाज रहा है। इस समय राज्य में बीजेपी की सरकार है। बीजेपी ने अपने चुनावी प्रचार के दौरान 'राज नहीं रिवाज बदलना है' का नारा दिया था। मतदान शांतिपूर्वक तरीके से चल रहा है।
शुरुआती दो घंटे की वोटिंग में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई दिग्गजों ने पूरे परिवार के साथ वोटिंग की। इधर वोटिंग को लेकर भाजपा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने ट्वीट कर लोगों का उत्साह बढ़ाया है।
पीएम मोदी, होम मिनिस्टर अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर वोटिंग के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि हिमाचल वोट करेगा OPS के लिए, हिमाचल वोट करेगा रोज़गार के लिए, हिमाचल वोट करेगा 'हर घर लक्ष्मी' के लिए. आइए, भारी संख्या में मतदान कीजिए, और हिमाचल की प्रगति और खुशहाल भविष्य के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दीजिए।"
ठंड के कारण सुबह में वोटरों की संख्या कम बताई जा रही है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा वैसे-वैसे वोटरों का उत्साह भी बढ़ेगा। सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत आई। लेकिन उसे दूर करते हुए मतदान संपन्न कराने का दावा पीठासीन पदाधिकारी ने किया है। बता दें कि चुनाव परिणाम 8 दिसंबर को जारी होगा।
प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाता हैं। इनमें से 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिलाएं मतदाता हैं। इसके अलावा, कुल 38 थर्ड जेंडर भी वोट डालेंगे। मतदान से पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विक्टरी का साइन दिखाया है। अपनी पत्नी के साथ बैठे हुए विक्टरी साइन दिखाते हुए जयराम ठाकुर की तस्वीर सामने आई है।
हिमाचल में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर आयोग ने इस बार खास तैयारी की है। 15,256 फुट की ऊंचाई पर भी पोलिंग बूथ बनाए हैं। यहां के लाहौल स्पीति जिले के स्पीति क्षेत्र में ताशीगंग, काजा में सबसे ऊंचा बूथ स्थापित किया गया है, जहां 52 मतदाता वोट डालेंगे। बर्फबारी के बीच से ईवीएम और वीवीपैट लेकर बूथ तक जाते चुनाव अधिकारियों की तस्वीरें और वीडियो बीते दिनों सामने आई थी।