Assam Election News: सीएम ने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी। हम 90 सीटें जीत रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि हम 96-100 सीटें तक जीत सकते हैं।
Assam ELection 2026: असम की 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। इससे पहले सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कौनसी पार्टी कितने सीटों पर चुनाव जीतेगी, इसको लेकर बड़ा दावा किया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी। हम 90 सीटें जीत रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि हम 96-100 सीटें तक जीत सकते हैं।
इस दौरान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटों पर जीतेगी, यह भी बताया। सीएम सरमा ने कहा कि कांग्रेस महज 15-16 सीटों पर ही जीतेगी। इसके अलावा रायजोर दल को 1 या 2 और AJP का खाता भी नहीं खुलेगा या फिर एक सीट जीतेगी।
सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर भी निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य कांग्रेस चीफ गौरव गोगोई ने ECI को दिए एफिडेविट में पाकिस्तान और लंदन में अपनी पत्नी के नाम पर अपनी प्रॉपर्टी नहीं दिखाई। CM ने गोगोई को अपनी पत्नी के पाकिस्तानी बैंक अकाउंट के ट्रांजैक्शन दिखाने की चुनौती दी।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम के आदिवासी समुदायों के अधिकारों को प्रभावित किए बिना हम असम में सत्ता में वापसी के 3 महीने के अंदर समान नागरिक संहिता(UCC) लाने वाले हैं। हम लव जिहाद, लैंड जिहाद के खिलाफ भी एक सख्त कानून ला रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम असम के जिला आयुक्तों को अवैध निष्कासन, अवैध अप्रवासी निष्कासन अधिनियम 1950 को लागू करने के लिए भी सशक्त बनाएंगे जिसके तहत एक जिला कलेक्टर, जिला मजिस्ट्रेट को 24 घंटे के भीतर उन्हें बेदखल करने का अधिकार है। हम अपनी वन भूमि, अपनी जमीन में अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पूरी तरह से कानूनी लड़ाई छेड़ेंगे। हम बांग्लादेशी घुसपैठियों से अपनी जमीन का आखिरी इंच भी सुरक्षित करेंगे।
मंगलवार को विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने घोषणा पत्र जारी किया है। इस दौरान सीएम हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस दौरान सीएम ने कहा कि आज केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण की उपस्थिति इस बात का संकेत देती है कि असम के विकास के लिए भारत सरकार और असम सरकार एकजुट होकर काम करेंगी।