राष्ट्रीय

Omicron खतरे के बीच देश की सबसे बड़ी सीरिंज-निडिल बनाने वाली कंपनी में लगा ताला, वैक्सीनेशन की रफ्तार पर पड़ेगा असर!

Omicron के बढ़ते खतरे के बीच देश की सबसे बड़ी सीरिंज और निडिल बनाने वाली कंपनी हो रही है बंद। सिर्फ दो दिन का बचा है बफर स्टॉक, कंपनी के एमडी ने पीएम मोदी को खत लिखकर गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि इससे बाजार में सीरिंज और निडिल की कीमतें बढ़ने के साथ वैक्सीनेशन की रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है।
2 min read
• •
Updated: 11 Dec 2021, 2:53 PM IST
750.jpg

नई दिल्ली। देश में कोरोना ( Coronavirus )महामारी से जंग के बीच ओमिक्रॉन वैरिएंट ( Omicron Variant ) का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। जो केंद्र और राज्य सरकारों के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती भी बनता जा रहा है। वहीं इन सबके बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल देश की सबसे बड़ी सीरिंज-निडिल बनाने वाली कंपनी पर ताला लग गया है। इसको लेकर सबसे बड़ी चिंता ये सामने आ रही है कि कंपनी के बंद होने से कोरोना से निपटने के लिए चल रहे वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार ना धीमी पड़ जाए।

देश में सीरिंज और सुई की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान सिरिंज एंड मेडिकल डिवाइसेस लिमिटेड (HMD) को बंद करने का फैसला लिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की ओर से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण को कम करने के लिए कंपनी के 228 फैक्टरियों को अस्थायी रूप से निलंबित करने के लिए कहा गया है। इनमें ये भी शामिल है।

दिल्ली की सीमा से सटे फरीदाबाद स्थित HMD के प्लांट बंद होने से इसका असर पूरे देश में पड़ सकता है। क्योंकि इन प्लांटों से रोजाना करीब 1.2 करोड़ सीरिंज और निडिल बनते हैं।

मौजूदा समय में सिर्फ एक ही प्लांट चल रहा है, उसमें रोजाना करीब 40 लाख सीरिंज का प्रोडक्शन हो रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि वो भी सोमवार से बंद हो जाएगा।

हिंदुस्तान सीरिंज एंड मेडिकल डिवाइसेस लिमिटेड ( HMD ) के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव नाथ ने कहा कि हमने अपने कॉम्प्लेक्स में प्रोडक्शन बंद करने का फैसला किया है।

उन्होंने ये भी बताया कि कंपनी के पास सिर्फ दो दिनों का ही बफर स्टॉक बचा है। 1.2 करोड़ सीरिंज का दैनिक उत्पादन सोमवार से उपलब्ध नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में कंपनी के 4 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं, जिसमें से 3 यूनिट्स में प्रोडक्शन शुक्रवार से ही बंद हो चुके हैं। ये प्रोडक्शन हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश के बाद बंद किए गए हैं।

मोदी सरकार से लगाई गुहार
कंपनी के एमडी नाथ ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश को लेकर मोदी सरकार से गुहार लगाई है। उन्होंने इसको लेकर पीएम मोदी को खत लिखा है। एमडी ने कहा है कि भारत और विश्व स्तर पर पहले से ही सीरिंज की आपूर्ति कम है।

ये संकट और गहरा सकता है क्योंकि हमें इकाइयों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। इससे रोजाना 150 लाख निडिल और रोजाना 80 लाख सीरिंज का उत्पादन प्रभावित होगा।

Published on: