
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस ( Coronavirus ) से जंग के बीच ओमिक्रॉन वैरिएंट ( Omicron Variant ) का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते खतरे ने केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक चिंताएं बढ़ा दी हैं। राजधानी दिल्ली में इस खतरनाक वैरिएंट का एक और मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। दरअसल देश में रोजाना ओमिक्रॉन वैरिएंट के नए मामले सामने आ रहे हैं। एक दिन पहले देश में कुल 9 नए मामले सामने आए थे। इनमें से 7 मामले अकेले महाराष्ट्र से थे।
दिल्ली में ओमिक्रॉन का जो दूसरे केस सामने आया है, वो भी दक्षिण अफ्रीकी देश से लौटने के बाद ही आया है। Omicron के मामलों में लगातार हो रहे बढ़ोतरी के बाद अब सरकारें भी सख्त कदम उठा रही हैं।
50 से ज्यादा देशों में पैर पसार चुका कोरोना का अब तक का सबसे खतरनाक वैरिएंट ओमिक्रॉन अब भारत की भी चिंता बढ़ा रहा है। एक दिन पहले सामने 9 मामलों के बाद अब दिल्ली में एक और नया केस सामने आया है। जिम्बाब्वे से राजधानी लौटे शख्स में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। दरअसल जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट के बाद ये शख्स ओमिक्रॉन संक्रमित पाया गया है।
संक्रमित मरीज को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली में ओमिक्रॉन के दूसरे मामले मिलने के साथ ही भारत में यह आंकड़ा 33 पर पहुंच गया है।
दरअसल बीते दिनों दिल्ली में विदेशों से आए लोगों में से 27 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इन सभी लोगों को अलग रखने के साथ ही इनके सैंपलों को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट आने के बाद 27 में से 25 लोगों की रिपोर्ट तो निगेटिव आई है जबकि दो लोग अब तक ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिल चुके हैं।
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच लगातार बूस्टर डोज लगाए जाने की मांग उठ रही है। पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ने भी सरकार से कोविशील्ड की बूस्टर डोज लगाए जाने की मांग की है। हालांकि लोकसभा में सरकार ने इसको लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। सरकार का कहना है कि इसको लेकर देश में दो ग्रुप स्टडी कर रहे हैं, जैसे इनकी सहमति बनेगी, देश में वैक्सीन की बूस्टर डोज शुरू कर दी जाएगी।
बीते 24 घंटे में 393 लोगों ने कोरोना से गंवाई जान
देश में कोरोना के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में कुल 7,992 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 393 लोगों ने इस घातक बीमारी के चलते अपनी जान गंवा दी है।
इस दौरान 9, 265 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। देश में कोरोना के एक्टिव केस में खासी कमी देखने को मिली है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 93,277 सक्रिए मामले सामने आए हैं। यह 559 दिनों में सबसे कम है।
Published on:
11 Dec 2021, 12:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.