राष्ट्रीय

IMD Alert: तेजी से आगे बढ़ रहा है ‘Cyclone Shakti’, मौसम विभाग का इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवाती तूफान 'शक्ति' का नाम श्रीलंका ने रखा है। यह नाम उष्णकटिबंधीय चक्रवातों पर विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO)/एस्केप पैनल द्वारा अपनाई गई परंपरा के अनुसार रखा गया है।
2 min read
Oct 04, 2025
heavy rain
मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट किया जारी (File Photo)

IMD Cyclone Updates: मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात शक्ति (Cyclone Shakhti) 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-दक्षिण पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसको लेकर IMD ने महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में उथल-पुथल की चेतावनी जारी की है। विभाग ने मछुआरों को मध्य अरब सागर के किसी भी हिस्से में न जाने की सख्त सलाह दी है।

महाराष्ट्र में इन जगहों पर होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार यह अलर्ट मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में लागू है। 3 से 5 अक्टूबर के बीच उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में 45-55 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की भी संभावना है।

महाराष्ट्र सरकार ने निर्देश किए जारी

महाराष्ट्र सरकार ने जिला प्रशासन को अपने आपदा प्रबंधन प्रणालियों को सक्रिय करने, तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों के लिए निकासी योजना तैयार करने, सार्वजनिक सलाह जारी करने, समुद्री यात्रा न करने की सलाह देने और भारी बारिश के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

गुजरात पर प्रभाव रहेगा कम

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिमन्यु चौहान ने कहा- चक्रवाती तूफान शक्ति 6 ​​अक्टूबर की सुबह पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगा। हालांकि, घबराने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि गुजरात पर इसका प्रभाव कम रहेगा। 8 अक्टूबर को गुजरात के कुछ हिस्सों - द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा नगर हवेली में भारी बारिश होगी।

दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की है कि रविवार को दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 2.3 डिग्री अधिक था।

चक्रवात शक्ति का नाम किस देश ने रखा?

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार चक्रवाती तूफान 'शक्ति' का नाम श्रीलंका ने रखा है। यह नाम उष्णकटिबंधीय चक्रवातों पर विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO)/एस्केप पैनल द्वारा अपनाई गई परंपरा के अनुसार रखा गया है। चक्रवातों के नाम बंगाल की खाड़ी और अरब सागर क्षेत्र के 13 देशों द्वारा सुझाए गए हैं।

Updated on:
04 Oct 2025 08:00 pm
Published on:
04 Oct 2025 08:00 pm