राष्ट्रीय

IMD Alert: मुंबई में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट किया जारी

Mumbai Rain Alert: मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक शहर में गुरुवार 8.30 बजे तक भारी बारिश रहेगी। IMD ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और ठाणे में भी येलो अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Oct 27, 2025
Feature image
मुंबई में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट (Photo-IANS)

IMD Alert: मुंबई में लोगों को अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। सोमवार को मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर तक येलो अलर्ट को बढ़ा दिया है। IMD के अनुसार मुंबई की सांताक्रूज में सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 23 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। बता दें कि इससे पहले विभाग ने मंगलवार सुबह तक ही येलो अलर्ट जारी किया था।

गुरुवार तक जारी रहेगी भारी बारिश

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक शहर में गुरुवार 8.30 बजे तक भारी बारिश रहेगी। IMD ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और ठाणे के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पालघर जिले के लिए 31 अक्टूबर (शुक्रवार) की सुबह तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अरब सागर के ऊपर बना दबाव क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार इस समय अरब सागर के ऊपर एक दबाव क्षेत्र बना हुआ है, जो आगे दक्षिण की ओर बढ़ गया है। एक द्रोणिका भी बनी हुई है, जिसके कारण पूर्वी और मध्य अरब सागर से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम गुजरात तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और दबाव क्षेत्र बना है। इन कारकों के कारण 26 से 30 अक्टूबर के बीच लगातार बेमौसम बारिश होगी।

कहां कितनी बारिश हुई

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक सांतक्रूज में 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कोलाबा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लगातार हो रही बारिश

मुंबई में रविवार से लगातार बेमौसम बारिश हो रही है और पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मुंबई में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।

वायु गुणवत्ता में हुआ सुधार

इसी बीच मुंबई में गिरती वायु गुणवत्ता से भी राहत मिली है। सोमवार को मुंबई में एक्यूआई 45 दर्ज किया गया, जो कि अच्छी श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह एक्यूआई 211 तक गिर गया था, जो 'खराब' श्रेणी में आता है, बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और बोरिवली ईस्ट जैसे कुछ क्षेत्रों में एक्यूआई 300 से ऊपर दर्ज किया गया।

Updated on:
27 Oct 2025 09:46 pm
Published on:
27 Oct 2025 09:46 pm