15 से 21 मई तक पश्चिम राजस्थान में हीट वेव रहेगी, जिसमें 18 से 21 मई को कुछ जगहों पर सीवियर हीट वेव की स्थिति बन सकती है। उत्तर प्रदेश में 16 से 21 मई तक हीट वेव और 18-19 मई को सीवियर हीट वेव संभावित है।
IMD Heat wave Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह में देश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी और हीट वेव की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है, जबकि नॉर्थवेस्ट भारत के मैदानी इलाकों में 2-4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
पूर्वी भारत में 17 मई तक 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी और मध्य भारत में 18-19 मई को 2-3 डिग्री की वृद्धि संभावित है। गुजरात में 16 मई तक 2-3 डिग्री की गिरावट और महाराष्ट्र में 19 से 21 मई के बीच 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बाकी देश में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
15 से 21 मई तक पश्चिम राजस्थान में हीट वेव रहेगी, जिसमें 18 से 21 मई को कुछ जगहों पर सीवियर हीट वेव की स्थिति बन सकती है। उत्तर प्रदेश में 16 से 21 मई तक हीट वेव और 18-19 मई को सीवियर हीट वेव संभावित है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 15 से 21 मई के दौरान अलग-अलग जगहों पर हीट वेव चलेगी।
छत्तीसगढ़ में 18 से 21 मई, झारखंड में 16 से 18 मई और मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र-कच्छ में 15 मई को हीट वेव की स्थिति रह सकती है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में 15-16 मई को गर्म रातें (Warm Night) रहने की संभावना है। कोंकण और गोवा में 15-16 मई को गर्म और नम मौसम रहेगा।
न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सामान्य से काफी अधिक (3.1-5.0 डिग्री) दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सौराष्ट्र-कच्छ और पश्चिम मध्य प्रदेश में काफी ऊपर (5.1 डिग्री या अधिक) रहा। अकोला (महाराष्ट्र) में 45.9 डिग्री देश का सबसे उच्चतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि असम के हाफलांग में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री रहा।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल में 26 मई के आसपास पहुंचने की संभावना है। दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मानसून के अग्रिम बढ़ने के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित कर रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में ट्रफ रेखा सक्रिय है।
15-17 मई तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, झारखंड आदि में हीट वेव रहेगी। 18-21 मई को राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गंभीर स्थिति बन सकती है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मछुआरों के लिए स्क्वॉली हवाओं (40-65 kmph) का अलर्ट जारी है। IMD ने आम जनता को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और खूब पानी पीने की सलाह दी है।