राष्ट्रीय

IMD Issues Heavy Rain Alert: दिल्ली से पूर्वोत्तर तक बारिश का कहर और राहत, 14 राज्यों में येलो-ऑरेंज अलर्ट

Monsoon Alert India: गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मानसून ने देश के बड़े हिस्से को तरबतर कर सावन का रंगीन स्वागत किया है। लेकिन इस दिलकश हरियाली और बहते झरनों के बीच पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तबाही की आहट भी तेज़ हो चुकी है। जानिए अगले कुछ घंटे किन राज्यों के लिए भारी पड़ने वाले हैं और मौसम विभाग ने क्या चेतावनी जारी की है।
2 min read
heavy rain alert
rain alert (फोटो सोर्स- पत्रिका)

IMD Rain Alert: मौसम का मिजाज अब पूरी तरह से बदल चुका है। सावन के आगमन के साथ ही देश भर में मानसून की रफ्तार बेहद आक्रामक और मनमोहक दोनों रूपों में देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जुलाई के लिए देश के 14 प्रमुख राज्यों में अगले कुछ घंटों के भीतर भारी बारिश, मेघगर्जन और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (Deep Depression) और सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण उत्तर भारत, मध्य भारत और हिमालयी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।

गुरु पूर्णिमा के मौके पर मानसून की अच्छी बारिश ने सावन मास का शानदार स्वागत किया है। हिमालय से लेकर मैदानी क्षेत्रों के राज्यों में लगातार बारिश से प्रकृति का रोम-राेम मुस्करा रहा है। कुछ नदियां उफान पर चल रही है तो कई जगहों पर झरने बहने लगे हैं। राजधानी दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में दो दिन से तेज बारिश का दौर जारी है।

कहीं पर्यटकों की बांछें खिलीं, तो कहीं थम गईं सांसें

दिल्ली में बारिश के दौरान मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। राजस्थान में राजधानी जयपुर, टोंक, धौलपुर समेत कई जिलों में बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। पिछले कुछ दिनों से चल रही बारिश से पहाडि़यों पर हरियाली छा गई है। चित्तौड़गढ़ के निकट प्रसिद्ध मेनाल झरना बहने से पर्यटक उमड़ पड़े हैं।

दूसरी ओर उत्तराखंड व हिमाचल में भारी बारिश के दौरान अचानक बाढ़ व भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। हरिद्वार में लगातार तेज बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण चारधाम यात्रा रोकी गई है। यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ा

उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटों में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा हैं। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से नदियां उफान पर आ गई हैं। राज्य में बिजली गिरने की तीन घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। असम में बाढ़ के कारण 7 जिलों में 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित है। सरकार व आपदा दल बचाव व राहत में जुटे हुए हैं।

अगले दो दिन यहां भारी बारिश-

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से जुड़े सक्रिय मौसमी तंत्र और गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मध्य भारत, उत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटे तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, सिक्किम व पूर्वोत्तर के राज्यों के कई हिस्सों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Updated on:
30 Jul 2026 07:32 am
Published on:
30 Jul 2026 07:30 am