
अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट (photo source- Patrika)
Heavy rain alert: देश भर में मानसूनी बारिश ने जोर पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली समेत पूरे NCR के लिए 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश और तेज तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बीते दिनों हुई बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) सुबह 100 प्रतिशत और रात में 90 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी और बारिश दोनों का अहसास होगा। इस दिन आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। IMD ने कहा कि सिरमौर जिले के नाहन भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन हो सकता है। सिरमौर जिला प्रशासन ने इसे देखते हुए स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पास बने डीप डिप्रेशन की वजह से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों में अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, इस सप्ताह के अंत में नीलगिरि, कोयंबटूर और थेनी जिलों के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र के ऊपर निचले स्तरों में एक कमजोर ट्रफ (द्रोणिका) बनी हुई है।
मौसम प्रणाली के प्रभाव से 29 जुलाई से पश्चिमी घाट के जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई को नीलगिरि जिले के कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा, 31 जुलाई और 1 अगस्त को कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। हालांकि यह बारिश पहाड़ी क्षेत्रों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, लेकिन मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा।
असम में ब्रह्मपुत्र नदी का पानी सैलाब बनकर लोगों पर टूट रहा है। बाढ़ की वजह से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़कर 75 पहुंच गया है। गुजरात में भी भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। टाटा मोटर्स की एक फैक्ट्री में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिसकी वजह से फैक्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ है।
Updated on:
29 Jul 2026 10:55 am
Published on:
29 Jul 2026 10:55 am
