राष्ट्रीय

Monsoon Alert ! यूपी-बिहार में आरेंज अलर्ट, पंजाब-हरियाणा झारखंड समेत 14 राज्यों में बदलेगा मौसम

IMD Monsoon Alert: देश में मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश होने की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश व बिहार में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है और पंजाब-हरियाणा झारखंड समेत 14 राज्यों में मौसम बदलने के कारण बारिश होने की संभावना है।
2 min read
Jul 12, 2026
Rain Alert News.
मौसम विभाग की देश के कई राज्यों में बारिश होने की चेतावनी। ( फोटो : ANI)

IMD Monsoon Alert Weather Change Rain Expected in 14 States : देश में मानसून की गति अब पूरी तरह से तेज हो चुकी है। उत्तर और पूर्वी भारत के आसमान पर चक्रवाती हवाओं का घेरा और कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने मौसम के हालात का जायजा ले कर कई राज्यों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इससे 14 राज्यों में बारिश होने की संभावना है।

यूपी और बिहार में 'ऑरेंज अलर्ट', आसमान से बरस सकती है आफत

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए आने वाले कुछ दिन बेहद सतर्क रहने वाले हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य और पूर्वी यूपी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। इसके चलते प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या जैसे प्रमुख जिलों में 'बहुत भारी' बारिश होने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

बिहार : भारी बारिश, बल्कि आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी

वहीं, बिहार के पटना, भागलपुर, मधुबनी और वैशाली सहित अधिकतर जिलों में मानसून का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। विभाग ने यहां न सिर्फ भारी बारिश, बल्कि आकाशीय बिजली गिरने की भी गंभीर चेतावनी दी है।

पंजाब, हरियाणा और झारखंड में 'येलो अलर्ट' की घोषणा

विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पंजाब और हरियाणा में मानसून के आगे बढ़ने से धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में भारी बौछारें भी पड़ सकती हैं, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, झारखंड में भी अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में 'रेड अलर्ट': पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम सबसे अधिक कड़े तेवर दिखा रहा है, जहां मौसम विभाग ने 'रेड अलर्ट' जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बहुत बढ़ गया है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को ऊंचाई वाले या नदी-नालों के पास वाले इलाकों में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। महाराष्ट्र में तो लोगों ने मौसम का मजा लिया।

दिल्ली-एनसीआर और बाकी राज्यों का हाल

देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों के आसमान में बादल छाये हुए रहेंगे। यहां शाम या रात के वक्त तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

पश्चिमी मध्य प्रदेश और राजस्थान में कमी हो सकती है बारिश

पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो असम, मेघालय, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिनों तक रिकॉर्ड तोड़ बारिश होने के आसार हैं, जिससे असम के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। इसके उलट, दक्षिण और मध्य भारत मसलन पश्चिमी मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले एक हफ्ते के दौरान बारिश थोड़ी कमी हो सकती है।