
प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi Weather Update: दिल्ली में लगातार हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह लोगों को साफ आसमान और तेज धूप देखने को मिली। शुक्रवार सुबह भी साफ आसमान देखने को मिला था। उससे पहले हुई दो दिनों की बारिश ने मौसम को काफी ठंडा कर दिया था, लेकिन अब बारिश की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि, बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े बारिश वाले सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं।
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। दिनभर उमस महसूस हो सकती है क्योंकि हवा में नमी 80 से 85 प्रतिशत तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है, लेकिन लगातार तेज बारिश के आसार फिलहाल बहुत कम हैं।
आमतौर पर दिल्ली में मानसून 27 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस साल इसकी एंट्री 2 जुलाई को हुई। हालांकि शुरुआत में थोड़ी देरी हुई, लेकिन आने के बाद मॉनसून ने अच्छी बारिश कराई। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याएं भी देखने को मिलीं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई के पहले 10 दिनों में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश दर्ज की गई। अगर सफदरगंज की बात करें तो यहां अब तक औसतन बारिश 52.6 मिलीमीटर होती है, वहीं इस बार 132.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बता दें कि इनमें से 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश सिर्फ बुधवार और गुरुवार में दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 जुलाई तक दिल्ली में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं क्योंकि मानसूनी द्रोणिका फिलहाल हिमालय की तराई की ओर खिसक गई है। इस दौरान तापमान थोड़ा बढ़ सकता है और धूप भी तेज रहेगी। हालांकि 15 जुलाई के बाद मानसूनी द्रोणिका के फिर दक्षिण की तरफ आने की संभावना है। ऐसा होने पर दिल्ली में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
Updated on:
11 Jul 2026 08:37 am
Published on:
11 Jul 2026 08:37 am
