
प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi Traffic Jam: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश का असर शुक्रवार सुबह दिल्ली की सड़कों पर साफ दिखाई पड़ा। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ऑफिस जाने के समय लंबा जाम लग गया। लोग घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे और कई जगह गाड़ियां रेंगती नजर आईं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर के 10 से ज्यादा इलाकों से जाम की 12 शिकायतें मिलीं। इसकी वजह से लोगों को रोज के मुकाबले अपनी मंजिल तक पहुंचने में काफी ज्यादा समय लगा।
बारिश और सड़कों पर भरे पानी का सबसे ज्यादा असर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 पर देखने को मिला। गाजियाबाद के इंदिरापुरम से इंडिया गेट जाने वाले सरकारी कर्मचारी शुभम कुमार ने बताया कि जिस सफर में आम दिनों में करीब 40 मिनट लगते हैं, उसे सुबह पूरा करने में डेढ़ घंटे से ज्यादा लग गए। उनका कहना है कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 से हर दिन हजारों लोग दिल्ली और गुरुग्राम आते-जाते हैं, लेकिन बारिश के बाद लगा जाम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया। इतना ही नहीं, शहर के कई दूसरे इलाकों में भी लोग लंबे समय तक ट्रैफिक में फंसे रहे।
दिल्ली के कई इलाकों में बारिश का बहुत ज्यादा असर देखने को मिला। गाजीपुर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, मेहरौली-बदरपुर रोड पर ओखला मोड़, नेहरू प्लेस से चिराग दिल्ली, धौला कुआं, महिपालपुर और द्वारका के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। वहीं पांडव नगर अंडरपास, आनंद विहार-दिलशाद गार्डन फ्लाईओवर, आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास और गीता कॉलोनी श्मशान घाट के आसपास भी सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। पानी भरने की वजह से कई जगह गाड़ियां रेंगती रहीं और ऑफिस जाने वाले लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा।
बारिश की संभावनाएं जताते हुए आज भी दिल्ली-NCR में मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी किया है। दिल्ली , गाजियाबाद और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और वहीं नोएडा और गुरुग्राम में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है।
भारी बारिश की वजह से शुक्रवार को नर्सरी से लेकर 12 वीं क्लास तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को छुट्टी दे दी है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
Updated on:
10 Jul 2026 11:17 am
Published on:
10 Jul 2026 11:17 am
