राष्ट्रीय

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में बदला मौसम, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

IMD Rain Alert: आईएमडी के अनुसार, बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

2 min read
May 30, 2025
आसमान में छाए बादल, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी (फोटो - पत्रिका नेटवर्क)

IMD Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार देर शाम से मौसम ने करवट ली है। आसमान में घने बादल छा जाने से राजधानी सहित आसपास के इलाकों में लोगों को चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में अगले एक से दो दिन तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, मई के अंत और जून की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि बादलों और बारिश की वजह से तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है।

तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

मौसम में हुए इस बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार बताया जा रहा है। इसका असर न केवल दिल्ली, बल्कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी दिखाई देगा। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। खासकर तेज आंधी और बिजली गरजने के दौरान घरों में ही रहने की अपील की गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश

आईएमडी के अनुसार, बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इसके बाद पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, तटीय कर्नाटक, केरल, ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ और लक्षद्वीप इन क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जाी की गई है। जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में 20 जून तक पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के 20 जून तक पहुंचने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान सटीक रहा, तो जून की शुरुआत मानसून की दस्तक और ठंडी हवाओं के साथ होगी, जिससे लंबे समय से गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Published on:
30 May 2025 08:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर