राष्ट्रीय

बंगाल की खाड़ी में ‘डिप्रेशन’ से बिगड़ा मौसम, इन राज्यों में 3 दिन तक भारी बारिश और तूफान का रेड अलर्ट

Weather News: मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने 'डिप्रेशन' को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 3 दिनों तक पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफान का खतरा है। जानिए अपने शहर का हाल...
2 min read
Aug 17, 2026
West Bengal Rain Alert, Odisha Rain Alert, Bihar Weather Warning
ओडिशा में बाढ़ का खतरा बरकरार / फोटो सोर्स- X(@PBSHABD)

Weather Update: बंगाल की खाड़ी में उठा मौसम का मिजाज अब बेहद खतरनाक हो चुका है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, समंदर में बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे 'डिप्रेशन' में बदल गया है। इसके असर से अगले तीन दिनों तक देश के कई राज्यों में तेज बारिश, बिजली कड़कने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है।
मौसम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिल रहा है, जहां पिछले 24 घंटों में 22 सेंटीमीटर तक मूसलाधार बारिश हो गई है। वहां हालात इतने बिगड़ गए हैं कि 2.37 लाख से भी ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना पड़ा है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से होकर गुजरेगा। इसके प्रभाव से इन राज्यों में स्थिति खतरनाक हो सकती है-

  • पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़: अगले 2 से 3 दिनों तक अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश का संकट हो सकता है।
  • झारखंड: 18 अगस्त को बहुत ही तेज बारिश, बिजली गिरने और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
  • उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड: पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश के बाद अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी रहेगा।

बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए विशेष अलर्ट

IMD ने बिहार के लिए 17 से 23 अगस्त तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर बने रहने की चेतावनी दी है। राज्य में बादल गर्जनें के साथ तेज बिजली कड़कने की संभावना है, जिससे लोगों को घरों में रहने की ही सलाह दी गई है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 अगस्त तक लगातार मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

समंदर में उठेंगी ऊंची लहरें, मछुआरों को रोका गया

उत्तरी बंगाल की खाड़ी, बांग्लादेश और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में हवा की गति 45 से 55 किमी/घंटा से बढ़कर 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। इसी वजह से मौसम विभाग ने मछुआरों को 18 अगस्त तक समुद्र के पास या पानी में न जाने की सख्त हिदायत दी है।

आंधी और बारिश से बढ़ सकती हैं मुश्किलें

मौसम विभाग ने सचेत किया है कि इस भीषण मौसम के चलते कई तरह की समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। तेज आंधी के कारण बड़े पेड़, उनकी टहनियां और फलदार पेड़ उखड़ सकते हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं, जबकि पहाड़ी रास्तों पर लैंडस्लाइड (भूस्खलन) का खतरा है। भारी बारिश में रास्ता साफ न दिखने के कारण बस, ट्रेन और हवाई सफर पर भी असर पड़ सकता है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्रों में 17 से 20 अगस्त के बीच आसमान में काले बादल छाए रहेंगे।

  • 17-18 अगस्त: दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान गिरकर 32-34°C तक आ सकता है।
  • 19-20 अगस्त: बारिश के दो से तीन दौर देखने को मिल सकते हैं, जिसमें कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होगी।
  • हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली: 17, 18 और 21 अगस्त को क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Updated on:
17 Aug 2026 04:54 pm
Published on:
17 Aug 2026 04:54 pm