राष्ट्रीय

IMD Weather Update: देश में अधिकांश हिस्सों में छाए बादल, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 18 से 20 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

Heavy Rain Alert in India: मौसम विभाग ने 18 से 20 जुलाई तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें किन राज्यों में होगी तेज बारिश और मौसम का ताजा पूर्वानुमान।
2 min read
Jul 17, 2026
IMD issues heavy rain alert for Eastern and Northeastern India.
फाइल फोटो- IANS

IMD Alert: देश के अधिकांश हिस्सों में बादल हुए हैं, जिसके चलते अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके असर से 18, 19 और 20 जुलाई के दौरान पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड-हिमाचल जैसे पहाड़ी इलाकों में बारिश तेज हो सकती है। वहीं मध्य भारत के पश्चिमी हिस्सों और दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

18 जुलाई: पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश संभव

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जुलाई को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

19 जुलाई: पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश

19 जुलाई को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में भी मानसूनी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

20 जुलाई: पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में तेज बारिश

20 जुलाई को पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी भारत और आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

IMD की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों के लोगों से मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। समुद्र से जुड़े क्षेत्रों के मछुआरों को भी समुद्र में जाने से पहले मौसम की नवीनतम जानकारी लेने की सलाह दी गई है। IMD का कहना है कि अगले तीन दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे कई राज्यों में भारी बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

Updated on:
17 Jul 2026 02:14 pm
Published on:
17 Jul 2026 02:14 pm