
सोनम वांगचुक पर आमिर खान के बयान से सियासत हलचल तेज
Aamir Khan on Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक लगातार कई दिनों से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। कई पार्टियों के नेता सहित कई फिल्मी हस्तियों ने भी उनके समर्थन में बयान दिया है। लेकिन एक्टर आमिर खान का बयान नहीं आया था। जिसको लेकर यह सवाल उठाये जा रहे थे कि फिल्म '3 इडियट्स' में सोनम वांगचुक से कथित प्रेरित रोल निभाने वाले आमिर खान अब तक क्यों चुप है। लेकिन अब उनका बयान आ गया है। जिसके बाद एक राजनीतिक हलचल भी पैदा हो गई है।
सोनम वांगचुक पर पूछे जाने पर आमिर ने स्पष्ट किया कि फिल्म में 'फुंसुख वांगडू' का किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। उनके इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज झा ने उन पर निशाना साधा। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आमिर खान सरकार के खिलाफ बोलने से डरते हैं। जबकि मनोज झा ने कहा कि सत्ता के सामने रीढ़ सीधी रखना आसान नहीं होता।
लंदन में आयोजित इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और 3 इडियट्स के किरदार 'फुंसुख वांगडू' के बीच संबंध को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर आमिर ने कहा कि जब 3 इडियट्स बनाई जा रही थी, तब वह सोनम वांगचुक को जानते तक नहीं थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने फिल्म के किरदार 'चतुर' से जुड़े अभिनेता का एक वीडियो देखा, जिसमें दावा किया गया था कि फिल्म का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। आमिर ने इसे गलतफहमी बताते हुए कहा कि फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी सहित किसी भी सदस्य की उस समय सोनम वांगचुक से पहचान नहीं थी।
आमिर खान ने कहा कि सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है और उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, इसके लिए यह जरूरी नहीं कि उन्हें 3 इडियट्स के किरदार की प्रेरणा माना जाए। उन्होंने सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी उनकी सेहत और जीवन को लेकर चिंतित हैं और उम्मीद करते हैं कि इस मुद्दे का जल्द सकारात्मक समाधान निकले ताकि वह अपना अनशन खत्म करें।
इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आमिर खान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आमिर खान में सरकार के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं है और उन्हें ईडी की कार्रवाई का डर है।
आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी आमिर खान के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह दिखाता है कि सत्ता के सामने अपनी बात मजबूती से रखना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने रीढ़ सीधी रखकर खड़े रहना हर किसी के लिए आसान नहीं होता।
Updated on:
17 Jul 2026 05:02 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
