17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Murshidabad Train Accident: ट्रेन की टक्कर से 4 छात्रों समेत 5 की मौत, सुपरवाइजर निलंबित, गेटमैन गिरफ्तार

Train Accident: मुर्शिदाबाद में रेलवे फाटक पर ट्रेन की टक्कर से स्कूली बच्चों को ले जा रहे वाहन में सवार चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मामले में रेलवे ने गेटमैन और उसके सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया है, जबकि गेटमैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
4 min read
Google source verification
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो- पत्रिका

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो- पत्रिका

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह रेलवे समपार फाटक पर ट्रेन की टक्कर से एक वाहन में सवार चार स्कूली छात्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब सात बजे कर्ण सुबर्ण रेलवे स्टेशन के निकट समपार फाटक पर हुई। इस घटना में वाहन चालक समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 9 वर्षीय जेसिका यासमीन, 6 वर्षीय फरहाना सुल्ताना, तमन्ना परवीन, इसानुर रहमान और 65 वर्षीय जमशेद अली शामिल हैं।

तीन की घटनास्थल पर ही मौत

पुलिस के अनुसार, तीन जनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो बच्चों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रेलवे का मानना है कि गेटमैन और संबंधित सुपरवाइजर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। रेलवे ने गेटमैन और सुपरवाइजर दोनों को निलंबित कर दिया है। हादसे के बाद पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा खंड में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रत्येक मृतक के परिजन के लिए 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की। गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार भी प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपए की सहायता देगी।

लोकल ट्रेन ने मारी थी टक्कर

रेल मंत्री बताया कि कटवा से लगभग 48 किलोमीटर दूर कर्ण सुबर्ण स्टेशन के पास समपार फाटक पर स्कूली बच्चों को ले जा रही कार रेल पटरी पार कर रही थी तभी एक लोकल ट्रेन ने वाहन को टक्कर मार दी। मंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि घायलों को शुरू में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

अधीर रंजन चौधरी घटनास्थल पहुंचे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बहरमपुर के पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया हादसे के लिए गेटमैन की लापरवाही जिम्मेदार दिखाई देती है, लेकिन रेलवे के बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि गेटमैन स्थायी कर्मचारी था या बाहरी एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किया गया था तथा उसे पर्याप्त प्रशिक्षण दिया गया था या नहीं।

उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन

अधिकारी ने बताया कि हादसे की जांच के लिए पूर्व रेलवे ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) के नेतृत्व में 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति को घटनास्थल पर भेजा है। समिति दुर्घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की विस्तृत जांच करेगी। पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रेलवे इस मामले में शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।

सिग्नलिंग सिस्टम में कोई गड़बड़ी नहीं

अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी की लापरवाही थी या नहीं। हादसे को लेकर रेलवे ने प्रारंभिक जांच में दावा किया कि दुर्घटना के समय सिग्नलिंग व्यवस्था पूरी तरह सही तरीके से काम कर रही थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि डाउन पैसेंजर ट्रेन सिग्नल के अनुसार ही चल रही थी और सिग्नलिंग सिस्टम में कोई गड़बड़ी नहीं थी। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तकनीकी त्रुटि के कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे के लिए गेटमैन और सुपरवाइजर की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है।

सुपरवाइजर तत्काल प्रभाव से निलंबित

रेल हादसे के बाद पूर्व रेलवे ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गेटमैन और उसके सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। घटना के बाद गेटमैन अनुप कर्मकार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, कुछ ही देर बाद बहरमपुर थाना पुलिस ने गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा कर्ण सुबर्ण स्टेशन और गोविंदपुर के बीच स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। बताया जा रहा है कि हावड़ा-नवद्वीप एक्सप्रेस के गुजरने के बाद गेटमैन ने फाटक खोल दिया। फाटक खुला देखकर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही टाटा सूमो रेलवे लाइन पार करने लगी। इसी दौरान तेज गति से आ रही निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय गेटमैन नशे की हालत में दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गेटमैन के खिलाफ पहले भी कई बार रेलवे अधिकारियों से शिकायत की गई थी। उनका कहना है कि वह अक्सर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहता था। कई बार ट्रेन गुजरने के बाद भी वह रेलवे फाटक खोलना भूल जाता था, जिससे दोनों ओर लंबे समय तक जाम लग जाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पहले से आशंका थी कि उसकी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी: सीएम

घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य पुलिस ने इस मामले में रेलवे गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए।

राज्य के मंत्री गौरी शंकर घोष ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और उपचार व्यवस्था की निगरानी की। वहीं स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी ने बहरमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, मेरा दिल उन परिवारों के साथ है, खासकर उन माता-पिता के साथ जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया। इस अपार दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। पूरा राज्य इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

बड़ी खबरें

View All

कोलकाता

पश्चिम बंगाल

ट्रेंडिंग