
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR और मतदाता सूची विवाद को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक के नेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने की मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति भवन ने प्रतिनिधिमंडल को आज रात 8 बजे मिलने का समय दिया है। राष्ट्रपति भवन के प्रोटोकॉल के अनुसार, इस प्रतिनिधिमंडल में केवल 10 सदस्य ही शामिल हो सकते हैं। पहले विपक्ष ने 15 या उससे अधिक और 6 अक्टूबर को करीब 240-300 सांसदों के मार्च के साथ मिलने की मांग की थी, जिसे राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा इतने बड़े समूह के लिए अनुमति न देकर सीमित संख्या तय की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले इस 10-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव और अन्य प्रमुख दलों के नेता शामिल होंगे। विपक्षी नेता राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने, इस्तीफे की मांग करेंगे और मतदाता सूचियों के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के लिए संसद के सेंट्रल हॉल पहुंची। उन्होंने कहा कि, हम सब साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे और आपको बताएंगे। ट्रेनों का रद्द होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कोलकाता से भी राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। छात्र और युवा सचमुच संकट का सामना कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद और सीनियर वकील कपिल सिब्बल संसद पहुंचे। विपक्षी सांसद भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि, हम सभी सांसद राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं, लोकसभा और राज्यसभा के सभी 300 सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते हैं, लेकिन न तो चुनाव आयोग और न ही राष्ट्रपति बैठक की अनुमति दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने केवल 10 लोगों को ही मिलने की अनुमति दी है। हर सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्र और राज्य की स्थिति, और SIR प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के बारे में राष्ट्रपति को रिपोर्ट सौंपना चाहता है। हम राष्ट्रपति से अनुरोध करते हैं कि वे सभी सांसदों की बात सुनें।