
INDIA Bloc Protest Delhi: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध जारी है। INDIA ब्लॉक के सांसदों ने अब दिल्ली के विजय चौक पर प्रदर्शन शुरू किया है। वहीं दूसरी तरफ विपक्षी सांसद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी चिंताएं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने रख रहे हैं। राष्ट्रपति भवन ने विपक्षी प्रतिनिधिमंडल को रात 8 बजे मुलाकात का समय दिया था।
विपक्षी सांसदों ने मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने की कोशिश की। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ विपक्षी नेता इसमें शामिल हुए हैं। राष्ट्रपति से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में 10 विपक्षी सांसद शामिल हैं।
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू होनी चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पूरी व्यवस्था और तंत्र में बदलाव की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो। उन्होंने 2023 में ज्ञानेश कुमार को मिली कानूनी छूट को वापस लेने की भी मांग की।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राष्ट्रपति भवन को लोकतंत्र का अंतिम संरक्षक बताते हुए कहा कि विपक्ष अपनी शिकायतें राष्ट्रपति के सामने रख रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी अब राष्ट्रपति के सामने रखी जा रही अपील से जुड़ी है। खेड़ा के मुताबिक, विपक्ष चाहता है कि राष्ट्रपति चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाई जा रही चिंताओं पर ध्यान दें।
INDIA ब्लॉक के दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठाने की जरूरत है। विपक्षी दल राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान इन मुद्दों को उठाने के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपनी शिकायतें भी रखेंगे। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष और सत्तारूढ़ पक्ष के बीच राजनीतिक विवाद जारी है।