राष्ट्रीय

भारतीयों के लिए मालदीव ट्रिप होगा और आसान! लाइव हुआ ‘Favara-UPI’ कॉरिडोर, जल्द ही QR स्कैन से कर सकेंगे पेमेंट

UPI in Maldives: भारत और मालदीव के बीच Favara-UPI क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट कॉरिडोर शुरू हो गया है। अब मालदीव के लोग अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप से भारत के UPI बैंक खातों में रियल टाइम में पैसे भेज सकेंगे।
2 min read
Jul 31, 2026
UPI Transactions
UPI ट्रांजेक्शन (फोटो-IANS)

Favara-UPI Cross-Border Payment Corridor: अपने खूबसूरत बीच और शानदार रिसॉर्ट्स के लिए मशहूर मालदीव जाने की योजना बना रहे भारतीय पर्यटकों और वहां रहने वाले प्रवासियों के लिए अच्छी खबर है। भारत और मालदीव के बीच 'Favara-UPI' क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट कॉरिडोर आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। मालदीव मॉनेटरी अथॉरिटी (MMA) और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NIPL) की इंटरनेशनल ब्रांच के सहयोग से शुरू किया गया यह नया सिस्टम दोनों देशों के बीच डिजिटल ट्रांज़ैक्शन को आसान, सुरक्षित और तेज बनाएगा।

मालदीव के इंस्टेंट पेमेंट सिस्टम 'Favara' को भारत के UPI के साथ जोड़ने से न केवल प्रवासी तुरंत पैसे भेज सकेंगे, बल्कि भविष्य में भारतीय पर्यटकों के लिए बिना US डॉलर या विदेशी कार्ड के मालदीव में यात्रा करने का रास्ता भी साफ होगा।

फंड सीधे रुफिया से रुपये में कुछ ही सेकंड में क्रेडिट हो जाएंगे

प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मालदीव मॉनेटरी अथॉरिटी (MMA) ने घोषणा की है कि यह इंटीग्रेशन अब पूरी तरह से चालू हो गया है। इस नए पेमेंट कॉरिडोर के साथ, मालदीव में बैंक ग्राहक अपने मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके मालदीवियन रुफिया (MVR) में पेमेंट शुरू कर सकते हैं। यह रकम तुरंत भारत में UPI-इनेबल्ड बैंक अकाउंट में भारतीय रुपये (INR) में क्रेडिट हो जाएगी।

यह सर्विस मालदीव की दो प्रमुख फाइनेंशियल संस्थाओं बैंक ऑफ मालदीव और मालदीव इस्लामिक बैंक की साझेदारी में शुरू की गई है। इन बैंकों के ग्राहक बिना किसी जटिल प्रक्रिया के सीधे पर्सन-टू-पर्सन (P2P) ट्रांसफर कर सकते हैं।

पर्यटकों और प्रवासियों के लिए मालदीव की यात्रा कैसे आसान होगी?

हर साल भारत से लाखों पर्यटक मालदीव जाते हैं। अभी लॉन्च हुए शुरुआती चरण में मुख्य रूप से प्रवासियों, वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों और परिवारों के लिए पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा दी गई है। रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) और MMA द्वारा तय नियमों के तहत, शुरुआती तौर पर परिवार के खर्च, मेडिकल और एजुकेशनल खर्च और गिफ्टिंग जैसे कामों के लिए फंड ट्रांसफर की अनुमति है।

हालांकि, इस साझेदारी का अगला चरण भारतीय पर्यटकों के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। इससे दुकानों, होटलों, रिसॉर्ट्स और कैफे में सिर्फ QR कोड स्कैन करके पेमेंट करना संभव हो जाएगा। इसके बाद मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटक अपने फोन पर UPI ऐप्स का इस्तेमाल करके सीधे भारतीय रुपयों में पेमेंट कर सकेंगे।

10 देशों तक फैला UPI

मालदीव में 'Favara-UPI' नेटवर्क के लॉन्च के साथ भारत के UPI की अंतरराष्ट्रीय पहुंच और मजबूत हुई है। मालदीव अब 10वां ऐसा देश बन गया है जहां भारत का डिजिटल पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लागू किया गया है। जिसके बाद भारतीय यात्री और नागरिक सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नेपाल, भूटान, श्रीलंका, मॉरिशस, फ़्रांस, कंबोडिया, कतर और मालदीव में UPI की सुविधा ले सकते हैं।

Updated on:
31 Jul 2026 03:57 pm
Published on:
31 Jul 2026 03:57 pm