
Rafale Fighter Jet: भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन FlightGlobal ने अपनी 2027 की डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 35 से घटाकर 32 बताई है। इस पर भारतीय वायुसेना ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आंकड़ों को गलत और भ्रामक बताया है। वायुसेना सूत्रों का कहना है कि भारत के सभी 36 राफेल विमान सक्रिय हैं और अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
ब्रिटेन की एविएशन और डिफेंस मैगजीन FlightGlobal में अपनी नई 2027 World Air Forces Directory में भारतीय वायुसेना के पास 32 सक्रिय राफेल विमान बताए गए हैं। इससे पहले 2026 संस्करण में भारत के 35 राफेल विमान सक्रिय बताए गए थे। यानी एक साल के अंदर डायरेक्टरी में इनकी संख्या तीन कम हो गई। इसी बदलाव के बाद राफेल विमानों की वास्तविक संख्या को लेकर सवाल उठने लगे। भारत ने फ्रांस की कंपनी डसॉल्ट एविएशन से कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का सौदा किया था। ये सभी विमान भारतीय वायुसेना को मिल चुके हैं।
FlightGlobal की डायरेक्टरी में राफेल विमानों की संख्या कम दिखाए जाने पर भारतीय वायुसेना ने असहमति जताई है। वायुसेना के सूत्रों ने इन आंकड़ों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है। उनका कहना है कि भारत के सभी 36 राफेल विमान सक्रिय हैं और पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, जिन विमानों की संख्या FlightGlobal ने कम दिखाई है, वे भी भारतीय वायुक्षेत्र में नियमित रूप से काम आ रहे हैं। इतना ही नहीं, भारतीय राफेल अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा ले रहे हैं। वायुसेना सूत्रों ने यह भी कहा कि FlightGlobal की डायरेक्टरी में पहले भी विमानों की संख्या से जुड़े आंकड़े गलत रहे हैं।
भारत ने सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए अंतर-सरकारी समझौता किया था। सभी विमान भारतीय वायुसेना में शामिल हो चुके हैं। इन्हें देश के दो प्रमुख एयरबेस पर तैनात किया गया है। हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर 17 स्क्वाड्रन तैनात है, जिसे 'गोल्डन एराउज' के नाम से जाना जाता है। वहीं, पश्चिम बंगाल के हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन पर 101 स्क्वाड्रन तैनात है, जिसका नाम 'फाल्कन्स' है। वायुसेना अधिकारियों के अनुसार, राफेल विमानों की उपलब्धता का स्तर काफी अच्छा है। ऐसे में FlightGlobal की डायरेक्टरी में इनकी संख्या घटाए जाने के दावे में कोई सच्चाई नहीं है।