राष्ट्रीय

Nepal Flash Flood: नेपाल के लिए रवाना होगा वायुसेना का तीसरा राहत विमान, भारत ने अब तक 47.5 टन पहुंचाई राहत सामग्री

Nepal Flood News: भारत एक अच्छा पड़ोसी होने के नाते नेपाल के साथ बुरे वक्त में साथ खड़ा है। भारत ने अब तक 47.5 टन जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई है। आज एक और विमान राहत सामग्री लेकर काठमांडू के लिए रवाना होने वाला है।
2 min read
Aug 28, 2026
US 500000 dollar aid to Nepal
नेपाल में बाढ़ के बाद तबाही का मंजर। (Photo -IANS)

Nepal Flood Alert: नेपाल में 26 अगस्त को आए फ्लैश फ्लड में 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी 500 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में यह आंकड़ा और भी बड़ा है। इस विषम परिस्थिति में भारत नेपाल के साथ पूरी तरह से खड़ा है। राहत अभियान के तहत भारतीय वायुसेना का एक और C-130J विमान शुक्रवार शाम राहत सामग्री लेकर काठमांडू के लिए रवाना होगा। इससे पहले 26 अगस्त को सी-130जे विमान 10 टन राहत सामग्री लेकर हिंडन से नेपाल गया था। इसके बाद 27 अगस्त को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 37.5 टन राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा था।

बचाव अभियान लगातार जारी

अब तीसरे विमान के जरिए भी नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों के लिए जरूरी राहत सामग्री भेजी जा रही है। भारतीय वायुसेना नेपाल में जारी राहत एवं बचाव प्रयासों में लगातार सहयोग कर रही है। नेपाल में विनाशकारी व अचानक आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इस बीच भारत ने नेपाल की मदद के लिए हवाई अभियान तेज कर दिया है। भारतीय वायुसेना यहां लगातार राहत सामग्री और चिकित्सा सामान नेपाल पहुंचा रही है।

गुरुवार को कुल 37.5 टन राहत सामग्री भेजी गई थी

भारतीय वायुसेना ने गुरुवार वायुसेना के एक और ‘सी-17 परिवहन विमान’ ने नेपाल की सहायता के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान में प्रभावित इलाकों के लिए कुल 37.5 टन राहत सामग्री भेजी गई है। नेपाल की मदद के लिए भेजी जा रही सामग्री में जरूरी दवाइयां और खाद्य सामग्री भी शामिल है। इससे पहले भारतीय वायुसेना ने सी-130जे विमान के जरिए नेपाल में 10 टन जरूरी राहत सामग्री और चिकित्सा सामान भेजा था। यह सामग्री बाढ़ प्रभावित लोगों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए भेजी गई है।

हेलीकॉप्टरों को भी रखा गया है तैयार

भारतीय वायुसेना ने बताया कि सी-17 और सी-130 जैसे विमानों के जरिए राहत सामग्री की अतिरिक्त खेप भी नेपाल भेजी जा रही है। इसके साथ ही हेलीकॉप्टरों को भी तैयार रखा गया है। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल बचाव और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा। गौरतलब है कि नेपाल में आई अचानक बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। ऐसे समय में भारत ने राहत प्रयासों को तेजी दी है। इसके बाद से भारतीय वायुसेना ने जमीन से लेकर आसमान तक तेजी और सटीकता के साथ राहत अभियान चलाया है।

इस अभियान का उद्देश्य जरूरत के समय नेपाल तक जरूरी मदद पहुंचाना है।दरअसल भारत ने एक बार फिर पड़ोसी देश के साथ खड़े होकर संकट की घड़ी में मदद का संदेश दिया है। भारतीय वायुसेना का यह अभियान इसी भावना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

Updated on:
28 Aug 2026 02:42 pm
Published on:
28 Aug 2026 02:42 pm