राष्ट्रीय

अगले 48 घंटे रहने वाले हैं भारी: IMD ने जारी किया अलर्ट, कोहरा, बारिश और बर्फबारी से हालात होंगे खराब

IMD Alert: मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, राजस्थान और एमपी में ठंड और कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि बारिश और बर्फबारी से हालात खराब होंगे।
2 min read
Dec 19, 2025
Cold wave warning issued by IMD
Cold wave warning issued by IMD

IMD Alert: उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि मौसम के लिहाज से अगले 24 से 48 घंटे भारी रहने वाले हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान में आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर भारत में कोहरा और बर्फबारी से हालात बिगड़ सकते हैं।

IMD ने कहा कि 18 दिसंबर को पहाड़ों पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) आ रहा है, जिसके असर से बारिश मौसम का मिजाज खराब करेगी, जबकि 20 दिसंबर को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ एंट्री लेगा, जो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व बर्फबारी करेगा।

हरियाणा पंजाब में बारिश बढ़ाएगी ठंड

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि नए वेदर सिस्टम के कारण हरियाणा और पंजाब में 20 व 21 दिसंबर को बारिश की संभावना बन रही है। तेज सर्द हवाओं के चलने से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे कड़ाके की ठंडी से परेशानी पड़ेगी। मध्य भारत में शीतलहर और कोहरे से ठिठुरन बढ़ेगी।

बिहार में दिख रहा कोहरे का असर, सारण में स्कूल बंद

बिहार में आज 19 जिलों में कोहरे का असर दिख रहा है। सारण में आज सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पटना में 25 दिसंबर तक स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक कर दी गई है। पटना में कोहरे के कारण 8 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। दर्जनों ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।

यूपी में तीन दिन का अलर्ट जारी

यूपी में भीषण सर्दी के साथ घने कोहरे के चलते जन जीवन प्रभावित हुआ है। बरेली, लखनऊ, अयोध्या, गोंडा समेत 20 जिलों में शुक्रवार को भीषण कोहरा रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन भयंकर सर्दी और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। लोगों से सावधान रहने को कहा है।

एमपी में सर्दी का सितम जारी

एमपी में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। मालवा निमाड़ इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इंदौर और उज्जैन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। आज भी एमपी के 13 शहरों में कोहरे का असर बना हुआ है। कोहरे के कारण दिल्ली से इंदौर और भोपाल आने वाली ज्यादातर ट्रेनें देरी से चल रही है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम ?

राजस्थान में शीतलहर चलने के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। नागौर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, सीकर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 18-22 दिसंबर को नये पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश को लेकर विशेष कोई अलर्ट नहीं है।

Updated on:
19 Dec 2025 09:24 am
Published on:
19 Dec 2025 09:24 am