राष्ट्रीय

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत; IRCTC की नई वेबसाइट में हटे कई झंझट वाले स्टेप्स; टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव

IRCTC New Website: IRCTC ने अपनी नई बीटा वेबसाइट लॉन्च कर दी है, जिसमें आसान इंटरफेस, कम स्टेप्स में टिकट बुकिंग, एक स्क्रीन पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता और सेव किए गए पैसेंजर डिटेल्स जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यात्रियों से फीडबैक लेने के बाद इसका फाइनल वर्जन लॉन्च किया जाएगा।
3 min read
Jul 16, 2026
irctc new beta website launch faster ticket booking clean interface new features
IRCTC की नई वेबसाइट में हटे कई झंझट वाले स्टेप्स। फोटो-Ai

IRCTC Beta Website: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग को पहले से अधिक आसान और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) की नई बीटा वेबसाइट लॉन्च कर दी है। नए पोर्टल में पहले के मुकाबले सरल इंटरफेस, तेज चेकआउट और बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सेव किए गए पैसेंजर डिटेल्स जैसी कई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। बुधवार रात 9 बजे इस बीटा वर्जन को लॉन्च किया गया। मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी नए पोर्टल का लिंक उपलब्ध करा दिया गया है।

यात्रियों से मांगा गया फीडबैक

रेल मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए बीटा पोर्टल का उपयोग करें और अपने सुझाव साझा करें। इन सुझावों के आधार पर अंतिम संस्करण में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

नया इंटरफेस, हटे कई झंझट वाले स्टेप्स

नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सहज बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और अन्य झंझट वाले स्टेप्टस को हटा दिया गया है, जिससे वेबसाइट पहले की तुलना में ज्यादा साफ और उपयोगकर्ता अनुकूल दिखाई देती है।

एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता

अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास में सीट उपलब्धता देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। नई वेबसाइट में सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखी जा सकेगी।

कम स्टेप्स में पूरी होगी टिकट बुकिंग

रेल मंत्रालय के अनुसार टिकट बुकिंग प्रक्रिया में आवश्यक चरणों की संख्या कम कर दी गई है। इससे टिकट खरीदने का पूरा प्रोसेस पहले की तुलना में अधिक तेज और आसान हो जाएगा।

बार-बार बुकिंग करने वालों को मिलेगा फायदा

नई वेबसाइट में यात्रियों की जानकारी सेव करने की सुविधा दी गई है। इससे अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार पैसेंजर डिटेल्स भरने की आवश्यकता नहीं होगी और बुकिंग तेजी से पूरी हो सकेगी।

छात्रों के सुझावों से तैयार हुआ नया डिजाइन

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बातचीत के दौरान मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर के छात्रों ने वेबसाइट के डिजाइन और उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए थे। इन सुझावों को डिजाइन प्रक्रिया में शामिल किया गया और उसी आधार पर नए पोर्टल का बीटा संस्करण तैयार किया गया।

फीडबैक के बाद जारी होगा अंतिम वर्जन

रेल मंत्रालय का कहना है कि बीटा संस्करण का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं से सुझाव प्राप्त करना है। यात्रियों के फीडबैक के आधार पर आवश्यक बदलाव किए जाएंगे और उसके बाद वेबसाइट का अंतिम संस्करण लॉन्च किया जाएगा।

2002 से संचालित है IRCTC वेबसाइट

IRCTC की वेबसाइट पहली बार साल 2002 में शुरू की गई थी। वर्तमान में इस पोर्टल पर प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। मंत्रालय के अनुसार, सालों से वेबसाइट की कार्यप्रणाली और फीचर्स को लेकर कई शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद इसे नए स्वरूप में विकसित किया गया।

नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से होगी इंटीग्रेशन

रेल मंत्रालय ने बताया कि नई IRCTC वेबसाइट को अपग्रेड किए जा रहे नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (Passenger Reservation Engine) के साथ जोड़ा जाएगा। इस रिजर्वेशन सिस्टम को अपग्रेड करने का कार्य बिना सेवाएं प्रभावित किए किया गया है। मंत्रालय के मुताबिक नया रिजर्वेशन इंजन जल्द लॉन्च होगा और उसके साथ पूरी तरह एकीकृत नई IRCTC वेबसाइट अगले कुछ सप्ताह में उपलब्ध करा दी जाएगी।

Updated on:
16 Jul 2026 02:24 pm
Published on:
16 Jul 2026 02:24 pm
Also Read
View All
बेंगलुरु में लॉ स्टूडेंट की चाकू मारकर की हत्या, जांच में हुआ बड़ा खुलासा, पूर्व प्रेमी सहित दो गिरफ्तार

NEET-UG पेपर लीक मामला: CBI ने डॉक्टर मनोज शिरुरे की जमानत का किया विरोध, कहा- यह राष्ट्र के खिलाफ अपराध

बुलडोजर एक्शन पर याचिकाकर्ताओं ने कहा- सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन हुआ, CJI ने केस पर विचार करने से किया इनकार

तिरुपति बालाजी मंदिर में 24 घंटे में 96.98 करोड़ का रिकॉर्ड दान, जानिए क्यों उमड़े श्रद्धालु, अब आजीवन नहीं मिलेंगी ये खास सुविधाएं

हैदराबाद स्कूल विवाद: शिक्षिका बर्खास्त होने पर भी नहीं थमा बवाल, BJP बोली- मिशनरी में बिंदी बैन, यहां कलमा का दवाब