राष्ट्रीय

IRCTC ने लॉन्च किया नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन, आसान इंटरफेस और तेज बुकिंग का मिलेगा अनुभव

IRCTC ने अपनी नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। नए पोर्टल में आसान इंटरफेस, कम कैप्चा, तेज चेकआउट और एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता जैसी कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यात्रियों से फीडबैक लेने के बाद इसे सभी के लिए जारी किया जाएगा।
2 min read
Jul 15, 2026
IRCTC Beta Website
IRCTC ने लॉन्च किया नई टिकट बुकिंग वेबसाइट(फोटो-X/@bodkeitis)

IRCTC New Website: ट्रेन टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा बदलाव शुरू किया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी कर दिया है। फिलहाल इसे टेस्टिंग के लिए सीमित रूप से उपलब्ध कराया गया है, ताकि यात्री इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। यूजर्स के फीडबैक के आधार पर वेबसाइट में जरूरी बदलाव किए जाएंगे और इसके बाद इसे सभी के लिए लॉन्च किया जाएगा।

जानें डिटेल्स


साल 2002 में शुरू हुई IRCTC की वेबसाइट आज देश का सबसे बड़ा ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बन चुकी है। यह रोजाना औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग संभालती है। करीब ढाई दशक बाद इसके डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस में बड़ा बदलाव किया जा रहा है, ताकि टिकट बुकिंग पहले से अधिक आसान और तेज हो सके।

पहले से ज्यादा साफ और आसान होगा इंटरफेस

रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट को अधिक सरल और व्यवस्थित बनाया गया है। पुराने पोर्टल की तुलना में इसमें अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले विजुअल एलिमेंट कम किए गए हैं। इसका उद्देश्य यूजर्स को जरूरी जानकारी जल्दी उपलब्ध कराना और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को सहज बनाना है।

बार-बार कैप्चा भरने से मिलेगी राहत

नई वेबसाइट में कैप्चा से जुड़ी प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। पुराने पोर्टल पर टिकट बुकिंग के दौरान कई बार बार-बार कैप्चा भरना पड़ता था, जिससे समय अधिक लगता था। बीटा वर्जन में इस प्रक्रिया को सरल किया गया है। इससे विशेष रूप से तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

एक ही स्क्रीन पर दिखेगी सभी क्लास की सीट उपलब्धता

नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता देखने का तरीका भी बदला गया है। अब अलग-अलग क्लास की उपलब्ध सीटों की जानकारी देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। यात्री एक ही जगह पर विभिन्न श्रेणियों की सीटों की स्थिति देख सकेंगे, जिससे टिकट चुनना आसान होगा।

कहां कर सकते हैं नई वेबसाइट का इस्तेमाल?

यात्री https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर नए बीटा पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे आजमाकर अपना फीडबैक दे सकें।

Updated on:
15 Jul 2026 09:37 pm
Published on:
15 Jul 2026 09:26 pm