
Delhi Police Operation Counter Terrorism: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले स्पेशल सेल ने 3 और लोगों को अरेस्ट कर चुकी है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी के इशारों पर काम कर रहा था और उत्तर भारत में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश में जुटा था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ संगठन से जुड़े हुए थे। जांच में सामने आया है कि इन लोगों को दिल्ली और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा उन्हें पाकिस्तान स्थित हैंडलरों का महिमामंडन करने वाले पोस्टर लगाने और दिल्ली-एनसीआर में प्रचार करने का काम भी सौंपा गया था।
अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क युवाओं को प्रभावित कर संगठन के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा था। कई राज्यों में फैली जांच के दौरान एजेंसियों ने संदिग्ध गतिविधियों और संपर्कों की गहन पड़ताल की, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी।
इस मामले से जुड़े तार केवल दिल्ली तक सीमित नहीं हैं। 9 जून को राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क मामलों में पंजाब और हरियाणा के 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी। NIA की टीमों ने दोनों राज्यों के नौ जिलों में तलाशी अभियान चलाकर कई लोगों से पूछताछ की और अहम डिजिटल उपकरण तथा दस्तावेज जब्त किए।
एजेंसी के अनुसार, जब्त सामग्री में संचार नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सबूतों को फोरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इससे सीमा पार से संचालित बड़े आतंकी नेटवर्क और उसकी साजिशों का खुलासा हो सकता है।