राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के इस्लामपुर का नाम हुआ ईश्वरपुर, केंद्र ने दी मंजूरी

महाराष्ट्र के इस्लामपुर को अब ईश्वरपुर के नाम से जाना जाएगा। इसको लेकर केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है।
2 min read
Nov 04, 2025
इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर किया
इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर किया (Photo-X @@gemsofbabus)

महाराष्ट्र के सांगली जिले के इस्लामपुर का नाम बदलकर अब ईश्वरपुर हो गया है। केंद्र सरकार ने इस बदलाव को मंजूरी दे दी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 3 नवंबर को जारी एक राजपत्र अधिसूचना के मुताबिक गृह मंत्रालय ने उसी दिन जारी एक पत्र के माध्यम से नाम बदलने के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। 

मंत्री ने केंद्र सरकार को दिया धन्यवाद

इस्लामपुर का नाम बदलने की मंजूरी मिलने के बाद मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने इस फैसले को लोगों की भावनाओं का सम्मान करने वाला बताया। 

मंत्री बावनकुले ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग आ रही थी, जिसे उनके प्रतिनिधियों ने विधानसभा में बार-बार उठाया। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था और अब गृह मंत्रालय ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इसे मंजूरी दे दी है।

किसने उठाई थी मांग

बता दें कि इस्लामपुर का नाम बदलने की मांग संभाजी भिड़े के नेतृत्व वाले हिंदूवादी संगठन ने उठाई थी। इस समूह ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर नाम बदलने की मांग की थी। भिड़े के समर्थकों ने चेतावनी दी थी कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती, वे अपना अभियान वापस नहीं लेंगे।

वहीं स्थानीय निकायों द्वारा इस्लामपुर का नाम बदलने को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए थे जिनमें राज्य सरकार से इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार को अनुमोदन के लिए भेजने का आग्रह किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद, राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के प्राधिकार के तहत राजपत्र अधिसूचना जारी कर नाम परिवर्तन को आधिकारिक बना दिया।

पहले भी कई जगहों के बदले जा चुके हैं नाम

बता दें कि महाराष्ट्र में जगहों का नाम बदलने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं। दरअसल, औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर और उस्मानबाद का धाराशिव रखा गया था। इसके अलावा अहमदनगर का नाम अहिल्यानगर कर दिया गया। 

Published on:
04 Nov 2025 09:48 pm