
रांची। झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी के एक बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के एक कैबिनेट मंत्री देश की एकता और अखंडता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इरफान अंसारी को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी की है।
रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक प्रकाश ने कहा कि इरफान अंसारी ने 40 लाख युवाओं की सेना खड़ी करने की बात कही है और देश की सशस्त्र सेनाओं को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई केंद्र सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। भाजपा इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर एफआईआर दर्ज कराने पहुंची है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड सरकार के एक कैबिनेट मंत्री का इस तरह का बयान देना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने 40 लाख युवाओं की सेना खड़ी करने की बात कहकर देश की सुरक्षा और सेना को चुनौती दी है। केंद्र में लगातार तीसरी बार जनता के जनादेश से सरकार बनी है। इसके बावजूद इस सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। देश की जनता इस तरह की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के मन में देश के प्रति जरा भी सम्मान और राष्ट्रभक्ति है तो उन्हें ऐसे मंत्री को अपने मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए। दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने आई है और मांग करती है कि इरफान अंसारी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के इशारे पर यह बयान दिया है और यह कांग्रेस हाईकमान का ही रुख हो सकता है। भाजपा ने पूरे मामले की जांच और संबंधित मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।