
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने घोषणा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। हालांकि कुछ दिन पहले ही JMM ने ऐलान किया था कि वह विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ेगी और पार्टी 6 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान करेगी और आगे यह संख्या बढ़ाई जा सकती है।
झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की समीक्षा करेगी और इस 'अवहेलना' का करारा जवाब देगी। JMM ने महागठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ राजनीतिक चालबाजियां की गई। इसलिए पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
JMM नेता ने कहा- राजद और कांग्रेस एक राजनीतिक साजिश के तहत झामुमो को चुनाव लड़ने से वंचित करने के लिए जिम्मेदार हैं। झामुमो इसका करारा जवाब देगा और राजद व कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन की समीक्षा करेगा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी अब किसी भी दल की मदद नहीं करेगी। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि महागठबंधन को उनके साथ नहीं होने का आगामी चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
बता दें कि बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन में सीट शेयरिंग अभी तक नहीं हुई है। महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर खींचातानी रही। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए राजद, कांग्रेस सहित अन्य दलों ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि कई सीटों पर महागठबंधन के घटक दलों के बीच फ्रेंडली मुकाबला होगा।
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।