
कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखे शब्द बाणों की बौछार करते हुए भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि, दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता से बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं। विदेश में वायनाड सांसद राहुल गांधी के बयान पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि, किसी दूसरे देश द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं कि यूरोप-अमेरिका को भारत के मामलों में दखल देने के लिए उकसाने के पीछे उनकी क्या मंशा है? आपको इसके लिए माफी मांगनी होगी। एक ओर आज भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है। और वहीं जी - 20 की बैठकें हो रही हैं, राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। मैं राहुल गांधी से जानना चाहता हूं इसके पीछे उनकी मंशा क्या है?
चुनी हुई सरकार का अपमान कर रहे हैं राहुल गांधी
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, राहुल गांधी 130 करोड़ लोगों की चुनी सरकार का अपमान कर रहे हैं। यह गद्दारों को मजबूत करना नहीं है तो क्या है? राहुल गांधी विदेशी धरती पर कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और यूरोप और अमेरिका को हस्तक्षेप करना चाहिए। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।
जॉर्ज सोरोस और राहुल गांधी एक जैसी भाषा क्यों बोलते हैं?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, जॉर्ज सोरोस और राहुल गांधी एक जैसी भाषा क्यों बोलते हैं? पाकिस्तान और कांग्रेस भी एक जैसी बातें क्यों करते हैं? इटली के प्रधानमंत्री, प्रधानमंत्री मोदी को सबसे प्यारा प्रधानमंत्री बताते हैं। विश्व बैंक से आईएमएफ तक सभी भारत के विकास की तारीफ कर रहे हैं। जर्मन चांसलर ने कहा कि, भारत का विकास अतुलनीय है। ऑस्ट्रेलिया, यूएई और सऊदी अरब भी पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ कर रहे हैं लेकिन राहुल गांधी देश का अपमान कर रहे हैं।
जनता आप पर भरोसा नहीं करती - जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा कि, राहुल गांधी जी, भारत लोकतंत्र की जननी है। दुनिया में कोई भी ताकत नहीं है जो भारत की लोकतांत्रिक परंपरा को नुकसान पहुंचा सके। आज आपकी पार्टी की देश में कोई नहीं सुन रहा है, जनता आप पर भरोसा नहीं करती है। यही वजह है कि आपकी पार्टी का लगभग सफाया हो गया है।