राष्ट्रीय

Gujarat Crime: भाजपा विधायक से 3 लाख रुपए की रंगदारी मांगी, रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी

Junagadh MLA Sanjay Kordiya: जूनागढ़ के भाजपा विधायक संजय कोरड़िया से फोन पर तीन लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। रुपए नहीं देने पर उन्हें फर्जी नोटों के मामले में फंसाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 2:43 PM IST
Junagadh MLA Sanjay Kordiya
भाजपा विधायक संजय कोरड़िया। फोटो- X- @Sanjay_Koradia

Sanjay Kordiya Threat Call: जूनागढ़ जिले के भाजपा विधायक संजय कोरड़िया को एक बार फिर फोन पर धमकी देकर तीन लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने रुपए नहीं देने पर उन्हें फर्जी नोटों के मामले में फंसाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में विधायक के सचिव हर्ष लालजीभाई गोठी पटेल ने जूनागढ़ के बी-डिवीजन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

रात में आया था फोन

पुलिस के अनुसार 27 नवंबर 2026 की रात विधायक के पास धमकी भरा फोन आया था। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने तीन लाख रुपए की मांग की। साथ ही कहा कि रकम नहीं देने पर उन्हें नकली नोटों के मामले में फंसा दिया जाएगा। आरोपी ने विधायक और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

विधायक संजय कोरड़िया के साथ इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। विधायक ने बताया कि पहले दर्ज दो मामलों में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। पुराने मामले में दक्षिण अफ्रीका से फोन कर विधायक के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी और लाखों रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के समीर गालिफ रिंगबलोच को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से चित्रावड़ का रहने वाला बताया गया। इस मामले में दो अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई थी।

फर्जी सोशल मीडिया आईडी भी बनाई थी

करीब एक साल पहले विधायक संजय कोरड़िया के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई थी। 7 जुलाई 2025 को इस मामले की जानकारी मिलने पर उनके सचिव हर्ष लालजीभाई गोठी ने बी-डिवीजन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि अज्ञात लोगों ने विधायक की छवि खराब करने के इरादे से उनके नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल किया।

छोटी रकम मांगकर भी करते हैं ठगी

विधायक संजय कोरड़िया ने लोगों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग कई बार नेताओं के निजी सहायकों या हैक किए गए मोबाइल नंबरों से परिचित और रिश्तेदार बनकर पहले दो-तीन हजार या 10 हजार रुपए जैसी छोटी रकम मांगते हैं। एक बार पैसा खाते में पहुंचने के बाद बड़ी रकम निकालने की घटनाएं भी सामने आती हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 2:43 PM IST
Published on: