
Kangana Ranaut: बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से BJP सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में हैं। गांधी परिवार और सोनिया गांधी पर टिप्पणी के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद BJP और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है, जबकि कांग्रेस ने कहा है कि किसी की छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
यह पूरा मामला 10 नवंबर का है, जब कंगना रनौत के सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके परिवार को लेकर एक पोस्ट शेयर की गई थी। इस पोस्ट को लेकर शिमला के रहने वाले अतुल शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंगना की पोस्ट में गांधी परिवार और सोनिया गांधी को लेकर भड़काऊ बातें कही गई थी। पोस्ट में कथित तौर पर संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत से जुड़े ऐसे इशारे किए गए, जो लोगों के बीच नफरत फैला सकते हैं और शांति भंग कर सकते हैं। इसी शिकायत के आधार पर शिमला पुलिस ने दुश्मनी फैलाने, मानहानि और सार्वजनिक उपद्रव के आरोपों में कंगना के खिलाफ FIR दर्ज की है।
FIR दर्ज होने के तुरंत बाद हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अपनी राय देने का पूरा अधिकार है। कंगना की टिप्पणी उनकी निजी राय हो सकती है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार सोशल मीडिया पर होने वाली अपनी आलोचना को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल से भी कई बार आपत्तिजनक पोस्ट डाली जाती हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।