राष्ट्रीय

कर्नाटक में बड़ा हादसा, हैदराबाद जा रही स्लीपर बस में लगी आग, सात यात्री जिंदा जले, 12 की हालत गंभीर

कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां हैदराबाद जा रही एक स्लीपर एसी बस में आग लग गई। इस हादसे में सात यात्री जिंदा जल गए। इस हादसे में 12 यात्री बुरी तरह से झुलस गए हैं।  
less than 1 minute read
karanataka_bus_accident.jpg
Karnataka Bus Catches Fire in Kalaburagi 7 Passenger Dead

दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां आज सुबह एक एसी बस में आग लग गई। जिससे बस में सवार सात यात्री जिंदा जल गए। करीब एक दर्जन यात्री बुरी तरह से झुलस गए है। जिनका हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है। यह हादसा कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में हुआ। बताया जा रहा है कि एसी बस हैदराबाद जा रही थी।

यह हादसा बीदर-श्रीरंगपटना हाईवे पर कलबुर्गी जिले के कमलापुर तालुक के बाहरी इलाके में सुबह करीब 6.30 बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार बस गोवा से हैदराबाद जा रही थी। घटना से संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक लॉरी से टकराने के बाद बस में आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।

हादसे का शिकार हुई एसी बस गोवा के ऑरेंज कंपनी की थी। टक्कर के बाद बस में इतनी भीषण आग लगी स्थानीय लोग चाहकर भी उसके पास नहीं जा सके। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड विभाग के लोग दमकल लेकर पहुंचे। घंटों तक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने से बस बुरी तरीके से खाक हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सभी मृतक हैदराबाद के रहने वाले थे। कलबुर्गी के एसपी ईशा पंथ ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह संदेह है कि 7 से 8 यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिस कारण उनकी जलकर मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हालांकि, इस स्तर पर त्रासदी में मौतों की सही संख्या बताना संभव नहीं है। 12 यात्री घायल हैं, जिन्हें कलबुर्गी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Published on:
03 Jun 2022 12:37 pm