कर्नाटक में कांग्रेस के अंदर मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज है। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को सीएम बनाने की मांग में कांग्रेस विधायकों ने खुला मोर्चा खोल दिया। शिवकुमार ने कहा कि आलाकमान से सीएम बदलाव पर चर्चा हो चुकी है, सिद्धारमैया खुद जनता को बताएंगे
कर्नाटक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस विधायकों ने खुला मोर्चा खोल दिया है। इस बीच, शिवकुमार ने भी खुलकर यह कह दिया है कि राज्य में सीएम बदलने को लेकर कांग्रेस आलाकमान से बात हो चुकी है, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया जनता को खुद इस बारे में जानकारी देंगे।
शिवकुमार के अब उनके करीबी कांग्रेस विधायक ने दिल्ली तक हलचल मचाने वाला बयान दिया है। कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ ने बुधवार को कहा कि चीफ मिनिस्टर सिद्धारमैया सही समय पर इस मुद्दे पर सफाई देंगे और अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगे।
रंगनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा- हमारे चीफ मिनिस्टर पिछले 50 से 60 साल के पॉलिटिकल इतिहास में, अपनी बात से पीछे नहीं हटे हैं। अगर कोई पावर-शेयरिंग एग्रीमेंट होता है, तो वह इसे राज्य के लोगों तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस विधायक ने कहा- पार्टी वर्कर सफाई की उम्मीद कर रहे हैं और लोग भी जवाब का इंतजार कर रहे हैं। रंगनाथ ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में सिद्धारमैया पार्टी हाईकमान से बात करेंगे और लीडरशिप के मुद्दे पर सभी सवालों का जवाब देंगे।
विधायक ने कहा- हमें विश्वास है कि वह किसी भी वादे से पीछे नहीं हटेंगे। सही समय पर, वह खुद राज्य के लोगों को जवाब देंगे। अगर पावर शेयरिंग को लेकर कोई समझौता हुआ है, तो वह उसे साफ करेंगे। इस बैकग्राउंड में, हम संयम बनाए हुए हैं।
उधर, मंत्री एचसी महादेवप्पा ने कुछ दिनों पहले शिवकुमार के वफादार विधायकों की तुलना अप्रत्यक्ष रूप से 'गली के कुत्तों' से थी। इस पर रंगनाथ ने कहा कि एक सीनियर नेता से ऐसी टिप्पणियों की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि मंत्री के कद के लिए सम्मानजनक भाषा की जरूरत थी और मीडिया को इस तुलना के बारे में खुद महादेवप्पा से सफाई मांगनी चाहिए।
इसके अलावा, कांग्रेस के कुछ विधायकों के हाल के विदेश दौरों पर रंगनाथ ने कहा कि ऐसे दौरों में कुछ भी अजीब नहीं है। उन्होंने कहा- पॉलिटिक्स हर समय चलती रहेगी। मुख्यमंत्री बजट की तैयारी में लगे हैं। कुछ MLA विदेश से सीखना चाह सकते हैं और विदेश दौरे पर जाने में कुछ भी गलत नहीं है। किसी ने मुझे उनके साथ शामिल होने के लिए नहीं बुलाया।