
कर्नाटक के चितरदुर्ग जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज की छात्रा ने अफवाहों से परेशान होकर अपनी जान दे दी। मृतका छात्रा की पहचान 23 वर्षीय लिखिता के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लिखिता ने कथित तौर पर अपने चरित्र को लेकर फैलाई गई गलत बातों से परेशान होकर अपनी जान देने का यह भयानक कदम उठाया है।
यह मामला जिले के होलालकेरे कस्बे का बताया जा रहा है। यहां लिखिता ने बसवा लेआउट स्थित अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और उसके बारे में कॉलेज में कुछ लोगों द्वारा अफवाहें फैलाई जा रही थीं, जिससे वह काफी आहत थी। बताया जा रहा है कि लिखिता का नाम कॉलेज के एक लेक्चरर डॉ राजू के साथ जोड़ा जा रहा था। ये अफवाहें धीरे धीरे कॉलेज और आसपास के क्षेत्र में फैल गईं, जिससे उसकी सामाजिक छवि पर असर पड़ा। इस तरह की बातें उसके लिए मानसिक रूप से असहनीय हो गई थीं। सूत्रों के अनुसार, वह लगातार इस बात को लेकर चिंतित और परेशान रहती थी।
परिवार और करीबी लोगों का कहना है कि लिखिता एक मेहनती और शांत स्वभाव की छात्रा थी। लेकिन इस तरह की निराधार चर्चाओं ने उसे अंदर से तोड़ दिया था और इसी के चलते उसने अपनी जान दे दी। लिखिता का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखिता ने कथित तौर पर लेक्चरर डॉ राजू, उनकी पत्नी निशा और कुछ सहपाठियों के नाम लिखे हैं। उसने इन लोगों पर उसे परेशान करने और बदनाम करने का आरोप लगाया है। नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगातार हो रही इस प्रताड़ना के कारण उसने यह कदम उठाया।
इस सुसाइड नोट के आधार पर होलालकेरे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने छात्रा को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया। स्थानीय पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और कॉलेज प्रशासन से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।